
घर बैठकर फिल्म देखने वाले शौकीनों के लिए अप्रैल का यह हफ्ता बेहद शानदार बीतने वाला है। एक तरफ जहां बड़े पर्दे पर हॉरर-कॉमेडी का तड़का लगने वाला है, तो वहीं दूसरी तरफ ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी कई फिल्में और सीरीज स्ट्रीम होने वाली है। अब एक बार फिर से अक्षय कुमार और फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी परदे पर तहलका मचाने वाली है। ये जोड़ी एक बार फिर ‘भूत बंगला’ के जरिए दर्शकों को डराने और हंसाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। फैंस इस जोड़ी का इंतजार लंबे समय से कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें- दिमाग की नसें हिला देंगी ओटीटी पर मौजूद ये 7 सस्पेंस थ्रिलर फिल्में
वहीं बात करें ओटीटी प्लेटफार्म की, तो राजकुमार राव, विजय वर्मा और तापसी पन्नू जैसे मंझे हुए कलाकार अपनी नई कहानियों के साथ दस्तक दे रहे हैं। कुल मिलाकर अगर ये कहें कि, यह सप्ताह फिल्म प्रेमियों के लिए हर तरह शानदार होने वाला है तो गलत नहीं होगा। जी हां आने वाले कुछ दिनों में ओटीटी पर एक्शन, कॉमेडी, सस्पेंस और ड्रामा का जबरदस्त तड़का लगने वाला है जो न केवल बॉक्स ऑफिस बल्कि स्ट्रीमिंग चार्ट्स पर भी हलचल पैदा करने वाला है।
भूत बंगला
इस हफ्ते की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित रिलीज अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ है। यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसके जरिए अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी सालों बाद वापसी कर रही है, जिसने पहले ‘भूल भुलैया’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्म दी थी। ‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी ड्रामा है जिसे लेकर सिने जगत में काफी बज बना हुआ है। हालांकि, फिल्म की रिलीज को लेकर थोड़ी उठापटक देखने को मिली थी।

पहले यह फिल्म 10 अप्रैल को पर्दे पर आने वाली थी, लेकिन अक्षय कुमार की ही दूसरी फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ टकराव से बचने के लिए इसे आगे बढ़ाया गया। अब तय योजना के मुताबिक, 16 अप्रैल से इस फिल्म के पेड प्रिव्यूज शुरू हो जाएंगे और यह थिएटर में धमाल मचाने के लिए तैयार है।
फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी प्रभावशाली है। इसमें वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिका में नजर आएंगे। विशेष रूप से प्रियदर्शन और राजपाल यादव की जुगलबंदी को एक बार फिर पर्दे पर देखना प्रशंसकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
टोस्टर
ओटीटी की दुनिया की बात करें, तो नेटफ्लिक्स पर राजकुमार राव की नई फिल्म ‘टोस्टर’ खूब सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म में सान्या मल्होत्रा के साथ राजकुमार राव की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। यह फिल्म 15 अप्रैल को सीधे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जा रही है। फिल्म में राजकुमार राव की सहज अदाकारी के साथ-साथ अर्चना पूरन सिंह और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार भी लीड रोल में नजर आएंगे।
फिल्म के ट्रेलर और गानों ने सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरी थी, जिससे उम्मीद की जा रही है कि, यह फिल्म इस हफ्ते ओटीटी पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन सकती है। राजकुमार राव हमेशा से ही लीक से हटकर कहानियों के लिए जाने जाते हैं और ‘टोस्टर’ में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा।
दो दीवाने शहर
सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ भी अब डिजिटल प्लेटफार्म पर स्ट्रीम होने जा रही है। यह फिल्म इसी साल 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों का को खास रिस्पॉन्स इसे नहीं मिला था। अब ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है। मेकर्स को उम्मीद है कि ओटीटी पर फिल्म अच्छा प्रदर्शन करेगी।
अक्सर देखा गया है कि, जो फिल्में थिएटर में औसत प्रदर्शन करती हैं, वे ओटीटी पर अपनी सधी हुई कहानी की वजह से काफी लोकप्रिय हो जाती हैं। मृणाल और सिद्धांत की फ्रेश जोड़ी को डिजिटल स्क्रीन पर देखना उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका होगा जिन्होंने इसे बड़े पर्दे पर मिस कर दिया था।
मटका किंग
अपराध और सस्पेंस की दुनिया में दिलचस्पी रखने वालों के लिए विजय वर्मा की ‘मटका किंग’ एक बेहतर ऑप्शन है। ये फिल्म प्राइम वीडियो पर दस्तक दे रही है। आपको बता दें कि, विजय वर्मा, जिन्हें अपनी डार्क और इंटेंस भूमिकाओं के लिए जाना जाता है, वे ‘मटका किंग’ के टाइटल रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म 17 अप्रैल को स्ट्रीम की जा सकेगी।

फिल्म की कहानी 1960 और 70 के दशक के जुए और सट्टेबाजी के साम्राज्य पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कृतिका कामरा, सई ताम्हणक और दिग्गज अभिनेता गुलशन ग्रोवर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। विजय वर्मा का मटका किंग के रूप में रूपांतरण काफी दिलचस्प लग रहा है और इसकी सेटिंग दर्शकों को मुंबई के पुराने और रहस्यमयी दौर में ले जाएगी।
अस्सी
इस हफ्ते की आखिरी बड़ी ओटीटी रिलीज अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अस्सी’ है। तापसी पन्नू स्टारर यह फिल्म सामाजिक मुद्दों पर प्रहार करने वाली बताई जा रही है, जो अनुभव सिन्हा की ट्रेडमार्क शैली है। ‘अस्सी’ भी 20 फरवरी 2026 को थिएटर में रिलीज हुई थी और अब 17 अप्रैल से जी5 पर स्ट्रीम होने जा रही है।
तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा की जोड़ी इससे पहले ‘थप्पड़’ जैसी बेहतरीन फिल्म दे चुकी है, इसलिए इस फिल्म से भी उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। फिल्म की कहानी और तापसी के सशक्त अभिनय को अब ओटीटी के जरिए एक बड़ा दर्शक वर्ग मिलेगा। कुल मिलाकर, यह सप्ताह भारतीय मनोरंजन जगत के लिए काफी व्यस्त और विविधता भरा रहने वाला है, जहाँ थिएटर से लेकर मोबाइल स्क्रीन तक हर जगह सितारों की चमक दिखाई देगी।
इसे भी पढ़ें- OTT Release: ‘ रोमियो’ से &’काट्टान’ तक, इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हो रही धांसू फिल्में और सीरीज



