\n\n\n\n\n \n

गालियां म्यूट, सीन कट, फिर भी मिला ‘A’ सर्टिफिकेट – ‘मिर्जापुर द मूवी’ पर सेंसर का शिकंजा

ओटीटी की दुनिया में जबरदस्त कामयाबी हासिल करने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ के नाम से आ रही यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की जांच से गुजरी, जहां फिल्म को भले ही ‘ए’ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी मिल गई हो, लेकिन इससे पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कई दृश्यों और संवादों पर कैंची भी चलाई। अब यह सामने आया है कि, आखिर फिल्म के किन-किन हिस्सों में बदलाव किए गए हैं।

इसे भी पढ़ें-ओटीटी पर रिलीज हुई माधुरी दीक्षित की ये फिल्म मचा रही धमाल, 1 नं. पर है कब्जा

किन दृश्यों और संवादों में हुआ बदलाव

फिल्म इंडस्ट्री की खबरें कवर करने वाली एक प्रमुख वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, तीन घंटे से अधिक के रनटाइम वाली इस फिल्म को सर्टिफिकेट जारी करने से पहले सीबीएफसी ने मेकर्स को कई दृश्यों में संशोधन करने का निर्देश दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में कुल चार जगहों पर गालियों को पूरी तरह म्यूट कर दिया गया है, जबकि छह अन्य जगहों पर आपत्तिजनक शब्दों की जगह अपेक्षाकृत सामान्य शब्द इस्तेमाल किए गए हैं।

Mirzapur The Movie

इसके अलावा फिल्म के एक चर्चित संवाद, जिसमें किसी को गले लगाने की बात कही गई थी, उसमें भी बदलाव किया गया है। फिल्म के पहले हाफ में एक आपत्तिजनक शब्द को हटाकर उसकी जगह एक सामान्य शब्द रखा गया है। वहीं इंटरवल के बाद के हिस्से में इस्तेमाल हुए एक शब्द, जिसका आमतौर पर अर्थ मूर्ख या बेवकूफ बताया जाता है, उसे भी बदलने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही फिल्म में मौजूद जाति से जुड़े एक संदर्भ को भी हटाने या बदलने के लिए कहा गया।

काटे गए इंटीमेट सीन

रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अहम बदलाव फिल्म के दो अंतरंग दृश्यों को लेकर किया गया। सीबीएफसी ने मेकर्स से कहा था कि, इन दृश्यों में विजुअल और साउंड, दोनों स्तर पर उपयुक्त संशोधन करते हुए इनकी अवधि लगभग आधी की जाए। यह बदलाव फिल्म के दोनों हिस्सों में देखने को मिला, यानी एक दृश्य पहले हाफ में था और दूसरा दूसरे हाफ में। इन संशोधनों के परिणामस्वरूप फिल्म से कुल मिलाकर करीब 35 सेकंड का हिस्सा हटा दिया गया।

हिंसा वाले दृश्य नहीं हुए प्रभावित

इस पूरी सेंसरशिप प्रक्रिया में एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि, सीबीएफसी ने फिल्म में मौजूद हिंसा या खून-खराबे से जुड़े किसी भी दृश्य पर कोई आपत्ति नहीं जताई और उन्हें बिना किसी कटौती के मंजूरी दे दी गई। यानी सेंसर बोर्ड का पूरा फोकस भाषा, गालियों और अंतरंग दृश्यों तक ही सीमित रहा। इन सभी आवश्यक बदलावों के बाद आख़िरकार फिल्म को ‘ए’ श्रेणी के साथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया।

सर्टिफिकेट में दर्ज जानकारी के अनुसार फिल्म की कुल लंबाई 197.19 मिनट है, यानी यह फिल्म तीन घंटे, सत्रह मिनट और उन्नीस सेकंड की है। इतनी लंबी अवधि को देखते हुए यह फिल्म ‘मिर्जापुर’ सीरीज की अब तक की सबसे बड़ी और भव्य प्रस्तुति मानी जा रही है।

कब हो रही है रिलीज

दर्शकों के लिए राहत की बात यह है कि, लंबे इंतजार के बाद अब ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म आगामी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। वेब सीरीज के जबरदस्त फैन बेस को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

 सितारों की भरमार

‘मिर्जापुर द मूवी’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल और दमदार स्टारकास्ट है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार में नजर आएंगे, जिनके साथ अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। इनके अलावा रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस चौहान, अनंग्शा बिस्वास और शाजी चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं।

Mirzapur The Movie

इस विशाल स्टारकास्ट में सुशांत सिंह की भी अहम मौजूदगी रहेगी, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में जो नाम है, वह है सांसद और भोजपुरी-बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन का, जो इस फिल्म में एक महत्वपूर्ण किरदार निभाते नजर आएंगे। इतने बड़े सितारों के एक साथ आने से यह फिल्म ‘मिर्जापुर’ यूनिवर्स की अब तक की सबसे भव्य प्रस्तुति के तौर पर देखी जा रही है।

 ‘मिर्जापुर’ वेब सीरिज खूब की गई थी पसंद

गौरतलब है कि, ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने के बाद से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। इसके किरदार, संवाद और कहानी का ट्रीटमेंट दर्शकों को इतना पसंद आया कि, यह भारत की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली वेब सीरीज में शुमार हो गई। अब इसी लोकप्रियता को भुनाते हुए मेकर्स इसे सिनेमाई पर्दे पर लेकर आ रहे हैं, ताकि थिएटर में भी दर्शक इस दुनिया का अनुभव ले सकें।

हालांकि, सेंसर बोर्ड के कट को लेकर फैंस के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है, क्योंकि ‘मिर्जापुर’ अपनी बेबाक भाषा और बोल्ड कंटेंट के लिए ही जानी जाती रही है। बहरहाल, अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बड़े पर्दे पर भी यह फ्रेंचाइजी वही जादू बिखेर पाएगी, जो इसने ओटीटी पर बिखेरा था।

 

इसे भी पढ़ें- ओटीटी पर रिलीज हुई माधुरी दीक्षित की ये फिल्म मचा रही धमाल, 1 नं. पर है कब्जा

Related Articles

Back to top button