राजभर का अखिलेश पर पलटवार, ‘चुनाव से भाग रहे हैं अखिलेश जी, आइए हो जाए दो-दो हाथ’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा कि, वे चुनाव से भाग रहे हैं और नेता वही, जो चुनाव से न भागे। अपनी पोस्ट में उन्होंने अखिलेश पर कई आरोप भी लगाए।

इसे भी पढ़ें- ‘बेहयाई की बातें कर रहे हैं अखिलेश’, वाराणसी दौरे पर राजभर का करारा वार

‘नेता क्या जो चुनाव से भागे?’

राजभर ने पोस्ट की शुरुआत में लिखा, ‘अरे मित्र अखिलेश यादव जी! सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे। ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइए हो जाए दो-दो हाथ।’ उन्होंने अखिलेश को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव से भागना नेतागिरी नहीं है।

‘इतना टोना-टोटका मानते हैं, पता नहीं था’

राजभर ने अखिलेश पर टोना-टोटका मानने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि उन्हें नहीं पता था कि अखिलेश इतना टोना-टोटका मानते हैं। साथ ही कहा कि बिना चुनाव लड़े अखिलेश का मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोना-टोटका नहीं था, बल्कि ‘रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादे’ होने की वजह से यह मुमकिन हुआ। राजभर ने कहा कि अब जब लगा कि चुनाव लड़ने पर हार तय है, तो वे मैदान छोड़कर भाग रहे हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि, यह ‘लाल टोपी वालों’ की सरकार नहीं है, जब प्रदेश को टोना-टोटका मानने वाले चलाते थे। राजभर के मुताबिक नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक ऐसी सरकार को जनता ने दस साल पहले ही उखाड़ फेंका था। उन्होंने कहा कि, अब सबने मिलकर सारे टोना-टोटका, भूत-प्रेत और पिशाच झाड़ दिए हैं।

एक ही बार सीएम बन पाए

राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि अखिलेश एक ही बार मुख्यमंत्री बन पाए हैं और अगली पैदाइश तक इसकी उम्मीद भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कम से कम हिम्मत दिखाते हुए किसी एक सीट से तो लड़ ही लेते।

पोस्ट के आखिर में राजभर ने सलाह देते हुए लिखा कि बाबा विश्वनाथ अखिलेश का कल्याण करें। उन्होंने कहा कि, अखिलेश के पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, लेकिन कुछ ही दूरी पर बाबा के दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला। राजभर ने यह भी कहा कि कम से कम पास में स्थित काल भैरव के दरबार में चले जाते, तो उनके सारे टोना-टोटका का इलाज हो जाता।

 

इसे भी पढ़ें- अखिलेश के वाराणसी दौरे पर राजभर का तंज, बोले- ‘बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की हिम्मत नहीं’

Related Articles

Back to top button