अराजकता से नहीं, जनादेश से मिलती है सत्ता: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। देश में अशांति फैलाकर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने का ख्वाब देखने वाली ताकतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता तक पहुंचने का रास्ता जनादेश से होकर गुजरता है, न कि अराजकता से। बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता बदलने की कल्पना करने वाली शक्तियां युवाओं को राष्ट्र निर्माण की राह दिखाने के बजाय अराजकता की ओर ले जाना चाहती हैं।

चुनाव सुधार का नकाब पहनकर, इंसाफ का नारा बुलंद कर और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने के प्रयास हो रहे हैं।  सीएम ने साफ़ कहा कि, भारत का लोकतंत्र जनता के भरोसे की मजबूत बुनियाद पर टिका है और किसी साज़िश से इसे डिगाया नहीं जा सकता।

इसे भी पढ़ें- माफियागिरी की तो मिटटी में मिलने के लिए तैयार रहना: मुख्यमंत्री योगी

भारत में सत्ता पलटने की कोशिश

मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट लिखकर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिशों को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा कि बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता पलटने का सपना पालने वाली ताकतें नौजवानों के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल थमाने की जगह अराजकता के हथियार पकड़ाना चाहती हैं। उनका संकेत उन शक्तियों की तरफ था, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को किनारे रखकर अराजकता के जरिए सत्ता तक पहुंचने की हसरत पाले हुए हैं।

चुनाव सुधार की आड़ में अस्थिरता फैलाने की कोशिश 

मुख्यमंत्री ने चुनाव सुधार, न्याय और लोकतंत्र के नाम पर देश में अस्थिरता फैलाने के प्रयासों पर भी तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनाव सुधार का नकाब, इंसाफ का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर अस्थिरता के बीज बोने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जनता के विश्वास की जड़ों पर खड़ा एक विराट वटवृक्ष है।

CM Yogi

साज़िशों की आंधियां इसे हिला नहीं सकतीं। मुख्यमंत्री का संदेश था कि सत्ता बदलने का इकलौता लोकतांत्रिक मार्ग जनता का जनादेश है, अराजकता का सहारा लेना नहीं।

देश का भविष्य गढ़ने के लिए है युवा शक्ति

मुख्यमंत्री योगी ने नौजवानों को अराजकता की सियासत में इस्तेमाल करने की कोशिशों पर भी करारा वार किया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश का भविष्य गढ़ने के लिए है, किसी की सत्ता-लालसा को तृप्त करने के लिए नहीं। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने उन ताकतों को आड़े हाथों लिया, जो अपने सियासी मकसद साधने के लिए युवाओं को अराजकता का हथियार बनाना चाहती हैं।

किसी की साजिश नहीं कामयाब होने देगा देश

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में विरोधी दलों के लिए मारीच और कालनेमि का जिक्र करते हुए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन ने राजनीति के इन मारीचों-कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है। अब ये देश को अराजकता की आग में धकेलकर गद्दी हासिल करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि देश ऐसी किसी भी सियासी साज़िश को कामयाब नहीं होने देगा।

 

इसे भी पढ़ें- सैफई सिंडिकेट ने अपात्र को आयोग की कुर्सी सौंपकर युवाओं से किया था छल: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button