
-
विधि-विधान से किया पूजन-अर्चन, राष्ट्र की शांति और लोक कल्याण की कामना की
-
एक हफ्ते में दूसरी बार काशी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
वाराणसी। शक्ति की उपासना के पावन पर्व शारदीय नवरात्र के दौरान बुधवार को धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी पहुंचे मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में माथा टेका। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार काशी आए मुख्यमंत्री ने दोनों मंदिरों में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की। इससे पहले वे 7 अक्टूबर को भी काशी आकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
इसे भी पढ़ें-नमो घाट पर उतरेंगे लड़ाकू विमान, एयर शो से पहले खुद मौके पर पहुंचे सीएम योगी, अफसरों को दी सख्त हिदायत
बुधवार को मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गए।

गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया। दोनों मंदिरों में बाबा के चरणों में शीश नवाकर उन्होंने प्रदेश और देश के लिए लोक कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। काल भैरव मंदिर में मौजूद बच्चों से मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक उनकी पढ़ाई के बारे में बात की और उन्हें चॉकलेट भी दी।

दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और विधायक सुनील पटेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें- सपा को शिक्षकों की नहीं, माफिया की कब्र पर आंसू बहाने की चिंता: काशी में बोले सीएम योगी



