नमो घाट पर उतरेंगे लड़ाकू विमान, एयर शो से पहले खुद मौके पर पहुंचे सीएम योगी, अफसरों को दी सख्त हिदायत

  • भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर खास जोर, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

  • पाग, रूट डायवर्जन, लाइफ जैकेट और ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था पक्की करने के निर्देश

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट  हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को परखा। उन्होंने कहा कि आयोजन में भारी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, इसलिए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें- सपा को शिक्षकों की नहीं, माफिया की कब्र पर आंसू बहाने की चिंता: काशी में बोले सीएम योगी

22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो

इससे पहले मुख्यमंत्री नमो घाट पहुंचे और एयर शो की तैयारियों का मौके पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने उन्हें तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने नक्शे के जरिये प्रस्तावित इंतजामों और आयोजन के विभिन्न पहलुओं को समझाया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मौजूद अफसरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Varanasi Air Show

उन्होंने नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा। नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो प्रस्तावित है। अंतिम दिन, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था रखें दुरुस्त

मुख्यमंत्री ने यातायात को सुचारु रखने और रूट डायवर्जन की कारगर योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग स्थल तय किए जाएं और वहां साफ साइनेज लगाए जाएं, ताकि लोगों को आने-जाने में आसानी हो। आयोजन स्थल और घाटों पर उचित बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखी जाएं। किसी भी आपात स्थिति के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखा जाए और घाटों पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी हो।

योगी ने कहा कि शहर में होने वाले त्योहारों और अन्य कार्यक्रमों को ध्यान में रखकर पुलिस बल की तैनाती की सही योजना बने। एयर शो जैसे बड़े आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद भी ली जाए। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने को कहा। साथ ही पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घाटों की सफाई और शहर के सौंदर्यीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई के साथ शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश भी दिए।

Varanasi Air Show

इसके अलावा एयरपोर्ट से शहर आने वाले प्रमुख मार्गों और अन्य अहम सड़कों के बिजली खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण को कहा। इस बारे में उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को जरूरी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

प्रशासन और पुलिस ने सामने रखा तैयारियों का ब्यौरा

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों का ब्योरा मुख्यमंत्री के सामने रखा। प्रस्तुति की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है और तीन हजार सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बैठक में ये जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल मौजूद रहे। इनके अलावा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जगदीश पटेल, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार, वायुसेना के अधिकारी और संबंधित विभागों के अफसर भी उपस्थित थे।

 

इसे भी पढ़ें- धन के लिए धर्म नहीं छोड़ूंगा, युद्ध हुआ तो बम-गोले भी दागूंगा, वाराणसी में बोले सीएम योगी

Related Articles

Back to top button