कृषि कानून को लेकर मोदी सरकार पर बरसी शिवसेना, किसानों को दिया समर्थन

कृषि कानून के खिलाफ किसानों द्वारा किये जा रहे आन्दोलन को लेकर अभी तक विपक्षी की भूमिका निभा रही कांग्रेस ही केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हमलावर नजर आ रही थी, लेकिन अब इस मुद्दे पर शिवसेना ने भी मोदी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। दरअसल, शिवसेना ने भी आन्दोलन कर रहे किसान संगठनों का समर्थन करना शुरू कर दिया है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने अपने बयान में किसानों को आतंकवादी और खालिस्तानी कहने पर ऐतराज जताया है।

शिवसेना सांसद ने मोदी सरकार पर बोला बड़ा हमला

शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि किसान आंदोलन दुनिया को एक संदेश है। लाखों-करोड़ों किसान दिल्ली की सीमा पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है। इतना शांति पूर्ण आंदोलन कभी नहीं हुआ। लेकिन आप उन्हें आतंकवादी, खालिस्तानी बोलते हो। ये पूरी दुनिया के किसानों का अपमान है।

इस दौरान अपने बयान में शिवसेना सांसद ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब आप सत्ता में नहीं थे, यही किसान वर्ग है जिसकी वजह से आप सत्ता में आएं। आपने सरदार पटेल की भव्य मूर्ति लगाई है और आज जो किसानों पर अत्याचार हो रहा है उसे देखकर उनकी मूर्ती भी रो रही होगी।

इसके अलावा शिवसेना सांसद ने एलएसी पर जारी चीन से तनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आप किसानों पर इतना बल प्रयोग कर रहे हो, आंसू गैस छोड़ रहे हो, लाठियां बरसा रहे हो, बंदूकें तान कर खड़े हो। अगर आप ये बल प्रयोग चीन की सीमा पर करते तो लद्दाख में चीनी नहीं घुसते।

यह भी पढ़ें: कृषि बिल को लेकर प्रियंका गांधी ने लोगों से की अपील, तो केंद्रीय मंत्री बोले- गलतफहमी ना रखें

आपको बता दें कि कृषि बिल के खिलाफ आंदोलित किसान बीते 5 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाल रखा है। वे कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। हालांकि मोदी सरकार ने उन्हें बुराड़ी मैदान में आकर प्रदर्शन करने के लिए कहा लेकिन किसानों से उसे सिरे से खारिज कर दिया। किसानों का कहना है कि वह बुराड़ी मैदान नहीं जाएंगे, क्योंकि वह उनके लिए एक खुली जेल है।  

Related Articles

Back to top button