यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला, गले-पेट पर गहरे घाव, CM ने लिया संज्ञान, AIMIM नेता सहित 5 नामजद

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चर्चित यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वास्तिक (उर्फ सलीम अहमद) पर उनके कार्यालय में घुसकर दो बाइक सवार हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गये। उनके गले और पेट पर गहरे घाव हुए हैं। आनन्-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फ़िलहाल, दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

इसे भी पढ़ें-सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला, कहा- ‘अच्छा किया नहीं, तो अच्छा बोल भी नहीं सकते’

कड़ी कार्रवाई के निर्देश

यहां डॉक्टरों ने उनके गले का ऑपरेशन किया है और पेट का ऑपरेशन आज शनिवार को होना है। घटना के बाद सलीम के बेटे उस्मान ने लोनी कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने भाटी बिल्डर, दिल्ली निवासी AIMIM नेता अजगर अली, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। वहीं दो हमलावर अज्ञात हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी आरोपी बनाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में आतंक और कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने पुलिस को त्वरित जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। यह संदेश राज्य में कानून का राज बनाए रखने की उनकी नीति के अनुरूप है।

बाइक से आये हमलावर

बताया जा रहा है कि, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अली गार्डन कॉलोनी में सलीम के कार्यालय में बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी हमलावर पहुंचे। वे सीधे अंदर घुसे और सलीम पर चाकुओं से हमला कर दिया। उनके गले को रेतने की कोशिश की गई, पेट, सीने, बाजू और अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। कुछ रिपोर्टस में कुल 14 चाकू के वार बताए गए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए, जबकि सलीम खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

परिजनों ने उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। सलीम वास्तिक ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जहां उनके लाखों सब्सक्राइबर हैं। वे खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताते हैं और मुस्लिम समाज की कुरीतियों, कुरान, इस्लामिक प्रथाओं और कट्टरपंथ पर बेबाकी से वीडियो बनाते हैं। टीवी डिबेट्स में भी वे काफी एक्टिव रहते हैं। इससे पहले उन्हें कट्टरपंथियों से धमकियां मिलने की बात सामने आई थी। पुलिस जांच में हमले का मकसद उनके वीडियोज से जुड़ी रंजिश हो सकती है।

तलाशी अभियान जारी

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिश दी जा रही हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं, हालांकि कुछ कैमरे बंद मिले हैं। जांच विभिन्न पहलुओं पर चल रही है, जिसमें व्यक्तिगत रंजिश से लेकर धार्मिक विवाद तक शामिल हैं।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, लोग घरों में कैद हो गए। रमजान के महीने में यह हमला धार्मिक संवेदनशीलता से जुड़ा होने के कारण और गंभीर माना जा रहा है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को कहा है।

पुलिस बोली-जल्द पकड़ लेंगे आरोपियों को

यह घटना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और ऑनलाइन कंटेंट को लेकर बहस छेड़ सकती है। सलीम जैसे ‘एक्स मुस्लिम’ एक्टिविस्ट अक्सर विवादों में रहते हैं। हमले के बाद सोशल मीडिया पर समर्थन और विरोध कमेंट की बाढ़ आ गई है। कुछ लोग इसे कट्टरपंथ का नतीजा बता रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी त्वरित प्रतिक्रिया की राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर जोर दिया गया है। परिजन सलीम की जल्द रिकवरी की दुआ कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

 

इसे भी पढ़ें- मायावती ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- मुट्ठी भर लोगों ही फायदा पहुंचा रही सरकार

Related Articles

Back to top button