सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला, कहा- ‘अच्छा किया नहीं, तो अच्छा बोल भी नहीं सकते’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस समय बजट सत्र चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विधान परिषद में बजट चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने, कहा कि जिन्होंने कभी जनता के लिए अच्छा काम नहीं किया, वे बजट के बारे में भी अच्छा नहीं बोल सकते।

विपक्ष की आलोचना की

सीएम का ये बयान विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान आया, जहां सीएम योगी ने विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि सपा के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता का बोलबाला था, जबकि आज कानून का राज कायम, अपराधी भयभीत हैं, गरीबों को सम्मान मिल रहा है और महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने विधान परिषद में बोलते हुए कहा, समाजवादी पार्टी बजट के बारे में अच्छा नहीं बोल पाई क्योंकि उनके पास अच्छा करने के लिए समय नहीं था। जब अच्छा किया नहीं, तो अच्छा बोल भी नहीं सकते।

इसे भी पढ़ें- धार्मिक-सियासी जंग में बदला माघ मेला विवाद, सीएम योगी के बयान पर शंकराचार्य का तीखा पलटवार

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, सपा और कांग्रेस जैसे दलों ने संविधान के नाम पर लोगों को गुमराह किया और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का विरोध किया, जो देशद्रोह से कम नहीं है। उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान सपा विधायकों के विरोध प्रदर्शन को महिलाओं का अपमान बताया और कहा, यह नारी शक्ति का अपमान है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है।

 बजट को विकास का ब्लूप्रिंट बताया

सीएम ने विपक्ष को चेतावनी दी कि, राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नया उत्तर प्रदेश ऐसे तत्वों को स्वीकार नहीं करेगा। योगी सरकार के बजट को प्रदेश के विकास का ब्लूप्रिंट बताते हुए सीएम ने कहा कि यह राम राज्य की आधारभूमि है, जहां प्रदेश को सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की नई पहचान मिल रही है।

उन्होंने पिछले 9 वर्षों में हुए बदलावों का जिक्र किया और कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को बाधा माना जाता था, लेकिन अब यह देश की अर्थव्यवस्था में ब्रेकथ्रू बन गया है। सीएम ने दावा किया कि, राज्य अब राजस्व घाटे से राजस्व अधिशेष की स्थिति में आ गया है। उन्होंने टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ साझेदारी का उल्लेख किया, जिसमें 150 आईटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है। इन संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर काम शुरू हो गया है, जो युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे।

पीएम मोदी का विजन दोहराया

शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि, वर्तमान में प्रदेश में लगभग 75 विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के बेहतरीन केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों से अलग है, जहां शिक्षा और विकास को प्राथमिकता नहीं दी गई। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि लक्ष्य 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। मौजूदा बजट इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर फोकस है। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में विकास दर को बढ़ाने के लिए रोडवेज, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें- जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं समस्याएं, गलत रिपोर्ट लगाने वालों पर FIR के आदेश

सीएम योगी ने सपा के साथ कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने आक्रमणकारियों का महिमामंडन किया और भारत की आस्था को कुचलने की कोशिश की, लेकिन नया भारत और नया उत्तर प्रदेश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने पूर्व सरकारों को संकीर्ण एजेंडे वाली बताते हुए कहा कि, उन्होंने प्रदेश के भविष्य से खिलवाड़ किया और अराजकता, अपराध और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की साफ नीतियों, इरादों और अच्छी गवर्नेंस की प्रतिबद्धता से उत्तर प्रदेश बदल गया है।

विरोध प्रदर्शन को असंवैधानिक बताया

उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण को सरकार की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया और कहा कि विपक्षी दल इसका विरोध करके लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। बजट सत्र की शुरुआत में सपा विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें चुनावी रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन, यूजीसी रेगुलेशंस, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर पोस्टर दिखाए गए थे। सीएम योगी ने इसे असंवैधानिक बताया और कहा कि यह विपक्ष की हताशा दर्शाता है।

 उन्होंने कहा कि सपा जैसी पार्टियां महिलाओं का सम्मान नहीं करतीं, इसलिए राज्यपाल का अपमान किया। योगी ने विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान भी विपक्ष को घेरा और कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं। सीएम ने आर्थिक सर्वे का जिक्र किया, जो पहली बार विधानसभा में पेश किया गया। उन्होंने इसे सरकार की उपलब्धियों का जोरदार ऐलान बताया और कहा कि यह डंके की चोट पर साबित करता है कि, प्रदेश अब विकास की राह पर है।

विपक्ष ने किया पलटवार 

योगी ने कहा कि पूर्व सरकारों ने प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था, लेकिन अब अपराधी या तो जेल में हैं या भाग रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा, गरीबों का कल्याण और युवाओं का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताएं हैं। बजट सत्र 9 से 20 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 11 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा। सीएम योगी ने सदन से अपील की कि सकारात्मक बहस से प्रदेश के विकास को गति मिले। विपक्षी नेता राजकुमार भाटी ने सरकार पर पलटवार किया और कहा कि उत्तर प्रदेश ने योगी से बुरा मुख्यमंत्री नहीं देखा, लेकिन सीएम ने इसे खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष की आलोचना उनकी असफलता का प्रमाण है।

यह बहस उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए सिरे से ध्रुवीकरण पैदा कर रही है। सपा और कांग्रेस को घेरते हुए योगी ने कहा कि वे संविधान के नाम पर गुमराह करते हैं और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करते हैं। उन्होंने वंदे मातरम को भारत की गौरव का प्रतीक बताया और कहा कि इसका विरोध देशद्रोह है।सीएम ने सदन को याद दिलाया कि, वंदे मातरम को संविधान सभा ने 24 जनवरी 1950 को मान्यता दी थी। योगी सरकार का फोकस आर्थिक विकास पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीडीपी बढ़ रही है और 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य साकार होगा। ITI के आधुनिकीकरण से युवा स्किल्ड होंगे और रोजगार मिलेगा।

 

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बदली कवर इमेज’ दिया ब्रह्मोस संग ‘हार्ड पावर’ विजन

Related Articles

Back to top button