
नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है, लेकिन आज का मुकाबला टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए किसी भी अन्य मैच से कहीं ज्यादा खास होने वाला है, क्योंकि सामने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से खेला जाएगा, और एक बार फिर सबकी निगाहें भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर टिकी होंगी।
इसे भी पढ़ें- क्रिकेट के मैदान पर अब नहीं दिखेंगे अजिंक्य रहाणे, इंस्टाग्राम पर किया संन्यास का ऐलान
दुनिया की सबसे कामयाब बल्लेबाज
स्मृति मंधाना इस वक्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उनके नाम कुल 10,880 रन दर्ज हैं, जो किसी भी अन्य महिला क्रिकेटर से ज्यादा हैं।

हाल ही में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ खेली गई 124 रन की शानदार शतकीय पारी ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। इस पारी के दौरान मंधाना ने एक साथ कई कीर्तिमान अपने नाम किए। महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन के अलावा उन्होंने सबसे ज्यादा शतकों (18) का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
अब निशाने पर टी20 का ताज
अब मंधाना की नजर एक और बड़े रिकॉर्ड पर है। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में फिलहाल वह दूसरे पायदान पर हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने अपने करियर में 4,758 रन बनाए हैं। वहीं, मंधाना अब तक 4,681 रन बना चुकी हैं, यानी उन्हें बेट्स को पीछे छोड़ने और इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए महज 78 रनों की जरूरत है। अगर पाकिस्तान के खिलाफ आज के मुकाबले में मंधाना यह आंकड़ा छू लेती हैं, तो वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी।
महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (मौजूदा स्थिति)
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) — 4,758 रन
- स्मृति मंधाना (भारत) — 4,681 रन
- हरमनप्रीत कौर (भारत) — 4,231 रन
- चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) — 4,094 रन
टूर्नामेंट में भारत का दबदबा
महिला एशिया कप 2026 के ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग और थाईलैंड शामिल हैं। भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में खेले गए अपने दोनों मुकाबले जीत चुकी है और पहले ही सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी है।
टीम इंडिया ने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रनों के बड़े अंतर से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में हॉन्ग कॉन्ग को 137 रनों से करारी शिकस्त दी। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की टीम आज का मैच हारकर भी सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। ऐसे में इस मुकाबले पर दबाव अपेक्षाकृत भारतीय टीम पर कम और पाकिस्तान पर ज्यादा रहेगा।
भारतीय बल्लेबाजों ने इस टूर्नामेंट में अब तक जमकर रन बरसाए हैं। स्मृति मंधाना पूरे टूर्नामेंट में अब तक 143 रन बना चुकी हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर 92 रन के साथ युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा मौजूद हैं। दोनों की जोड़ी इस टूर्नामेंट में भारत की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई है।
भारत-पाकिस्तान हेड टू हेड में भारत भारी
महिला टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारत और पाकिस्तान अब तक कुल 17 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिनमें से 14 बार जीत भारतीय टीम के खाते में गई है, जबकि पाकिस्तान केवल तीन मौकों पर ही बाजी मारने में कामयाब रहा है। यह आंकड़ा साफ तौर पर बताता है कि, इस प्रतिद्वंद्विता में भारतीय टीम का पलड़ा हमेशा से भारी रहा है।

आज के मैच में स्मृति मंधाना के पास एक और खास मौका होगा। वह टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बनने की दहलीज पर खड़ी हैं। इस सूची में फिलहाल पूर्व कप्तान मिताली राज सबसे आगे हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 क्रिकेट में 315 रन बनाए हैं। वहीं मंधाना अब तक पाकिस्तान के खिलाफ 307 रन बना चुकी हैं, यानी उन्हें मिताली राज के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए महज आठ रनों की दरकार होगी।
रिकॉर्ड्स की उम्मीद
इस तरह आज का भारत-पाकिस्तान मुकाबला स्मृति मंधाना के लिए एक साथ कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हो सकता है। एक तरफ उनके पास टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया की सबसे सफल बल्लेबाज बनने का मौका है, तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनकी पहुंच में है। क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों की नजरें अब इसी बात पर टिकी हैं कि क्या मंधाना आज रात इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को अपने नाम कर पाती हैं।
भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, इसलिए आज का मुकाबला नतीजों के लिहाज से भले ही टीम के लिए उतना निर्णायक न हो, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ जीत की परंपरा को कायम रखने और मंधाना के व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स की वजह से यह मैच प्रशंसकों के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम से उम्मीद की जा रही है कि वह अपने आक्रामक बल्लेबाजी क्रम के दम पर एक बार फिर पाकिस्तान पर भारी पड़ेगी और साथ ही मंधाना को इतिहास रचने का मौका भी देगी।
इसे भी पढ़ें- क्रिकेट के मैदान पर अब नहीं दिखेंगे अजिंक्य रहाणे, इंस्टाग्राम पर किया संन्यास का ऐलान



