यूपी के इस जिले में बंद हो सकते हैं 300 से ज्यादा जिम, खेल विभाग लेने जा रहा बड़ा एक्शन

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में बिना एनओसी के चल रहे 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटरों पर जल्द ही शिकंजा कसने वाला है। जिला खेल विभाग ने ऐसे तमाम सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है, जो लंबे समय से बिना ज़रूरी मंज़ूरी के चल रहे हैं। विभाग की तरफ से इन सभी जिम संचालकों को अंतिम नोटिस भी जल्द ही जारी किया जायेगा।  विभाग का कहना है कि, अगर तय समय में नियमों का पालन नहीं हुआ, तो इन्हें बंद कराने के लिए सीधे जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।

इसे भी पढ़ें- गौतमबुद्ध नगर राज्य तैराकी में ओवरऑल चैंपियन

नोटिस भेजने की तैयारी

दरअसल, खेल विभाग बीते कई महीनों से जिम और फिटनेस सेंटर संचालकों से लगातार अपील कर रहा था कि, वे एनओसी ले लें और अपने कारोबार को नियमों के दायरे में लाकर संचालित करें, लेकिन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में 300 से ज्यादा जिम संचालकों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी और उन्होंने अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।

gym

विभाग का कहना है कि, बार-अब्र अपील के बावजूद जब जिम संचालक नहीं सुन रहे हैं तो सख्ती करना उनकी मजबूरी है। यही वजह है कि, विभाग ने निर्णय लिया है कि पहले इन सभी सेंटरों को अंतिम चेतावनी के तौर पर नोटिस भेजा जाएगा। इस चचेतावनी को भी अगर उन्होंने इग्नोर किया तो जी को बंद करने की तैयारी की जाएगी।

सिर्फ 59 संचालकों ने ही ली NOC

जिले के प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज़ अली का कहना है कि, पूरे गौतमबुद्ध नगर में अब तक केवल 59 जिम संचालक ही ऐसे हैं जिन्होंने खेल विभाग से एनओसी ली है। यह आंकड़ा बताता है कि, जिले में सक्रिय जिम-फिटनेस सेंटरों की कुल संख्या के मुकाबले नियमों का पालन करने वालों की तादाद बेहद कम है। इससे पहले जब विभाग की टीम ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया, तो कई जगहों पर बिना एनओसी के जिम खुलेआम संचालित होते पाए गए। इस निरीक्षण के बाद विभाग ने जिले भर में कुल 300 से अधिक ऐसे जिम और फिटनेस सेंटरों की पहचान की है, जो नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

नोटिस के बाद DM को भेजा जाएगा पत्र

विभाग की योजना के अनुसार, चिन्हित किए गए सभी जिम और फिटनेस सेंटरों को औपचारिक नोटिस भेजकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि आखिर उन्होंने अब तक एनओसी क्यों नहीं ली। इसके बाद जो संचालक फिर भी नियमों का पालन करने में नाकाम रहेंगे, उनके खिलाफ अगला कदम उठाते हुए जिलाधिकारी को औपचारिक पत्र भेजा जाएगा, ताकि ऐसे केंद्रों को स्थायी रूप से बंद कराया जा सके। यानी साफ है कि, विभाग अब सिर्फ चेतावनी देने के मूड में नहीं है, बल्कि ठोस कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ चुका है।

कई जाने-माने ब्रांड भी लिस्ट में

चौंकाने वाली बात यह है कि, जिन जिम और फिटनेस सेंटरों ने अब तक एनओसी नहीं ली है, उनमें कई जाने-पहचाने ब्रांड भी शामिल हैं। विभाग द्वारा जारी सूची में एनी टाइम फिटनेस, कल फिट, एनीडे फिटनेस, हाउस ऑफ फिटनेस, फिटनेस यार्ड, के11 फिटनेस क्लब, एंकर फिटनेस क्लब, मैराखी फिटनेस स्टूडियो, द फोर्ज जिम, एनएस फिटनेस क्लब, एएस फिटनेस क्लब, फिट फैक्ट्री जिम, फिटनेस 911, एक्सक्लूसिव फिटनेस ज़ोन और एसके फिटनेस जिम जैसे नाम शामिल हैं।

इन बड़े नामों का इस सूची में होना यह दिखाता है कि, यह समस्या सिर्फ छोटे या स्थानीय स्तर के जिम तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े और चर्चित फिटनेस चेन भी नियमों का पालन करने में पीछे रह गए हैं।

क्यों ज़रूरी है NOC

किसी भी जिम या फिटनेस सेंटर के लिए एनओसी लेना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा और गुणवत्ता से जुड़ा अहम मामला है। एनओसी के ज़रिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि, सेंटर में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है, उपकरण सही स्थिति में हैं, और आपातकालीन स्थिति में ग्राहकों की सुरक्षा के इंतज़ाम मौजूद हैं। बिना एनओसी के चल रहे सेंटरों में इन मानकों की जांच नहीं हो पाती, जिससे वहां वर्कआउट करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर जोखिम बना रहता है। यही वजह है कि, खेल विभाग इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है और लगातार सख्ती बढ़ा रहा है।

जिम संचालकों को आखिरी मौका

हालांकि, विभाग ने अभी तक किसी भी जिम को सीधे बंद करने का आदेश नहीं दिया है, लेकिन आने वाले दिनों में जो नोटिस जारी की जाएगी वह संचालकों के लिए आखिरी चेतावनी मानी जाएगी। इस दौरान जो संचालक एनओसी की प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं, वे कार्रवाई से बच सकते हैं, लेकिन जो लोग नोटिस की भी अनदेखी आकर देंगे उनके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए जिम को बंद भी किया जा सकता है।

 

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी ने गौतमबुद्धनगर में हुए सड़क हादसे का लिया संज्ञान,अधिकारियों को दिए हरसम्भव सहायता के निर्देश

Related Articles

Back to top button