2027 चुनाव: उत्तराखंड के दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, परखीं पार्टी की जमीनी हकीकत

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन गुरुवार 29 मई को उन्होंने देहरादून स्थित एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सभी विधायकों, मंत्रियों, सांसदों और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने प्रदेश में भाजपा की मौजूदा स्थिति, संगठनात्मक कमजोरियों, बूथ स्तर की तैयारियों और विपक्षी दलों के संभावित एजेंडे को लेकर लंबी चर्चा की।

इसे भी पढ़ें- राजनाथ के गढ़ में अन्याय पर उबाल, भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा, सपा में शामिल हुए 150 क्षत्रिय

कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

नितिन नवीन इस दौरे के माध्यम से उत्तराखंड में पार्टी की जमीनी हकीकत को समझना चाहते हैं। इससे पहले 28 मई को उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अलग बैठक की थी, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया था। नवीन ने कहा था कि, विपक्ष के नकारात्मक और आरोप-प्रत्यारोप वाले एजेंडे का जवाब सकारात्मक विकास, जन कल्याण और अच्छे शासन के एजेंडे से दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं का समाधान करने में कोई कसर न छोड़ें।

Nitin Navin Uttarakhand

 

देहरादून में चल रही उच्चस्तरीय बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य रख रही है। पार्टी का मानना है कि, अगर सही रणनीति और मजबूत संगठन के साथ चुनाव लड़ा गया तो यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं होगा। बैठक में सभी जिलों के संगठनात्मक आंकड़ों की समीक्षा की गई। विधायकों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति, लोकप्रियता और चुनौतियों पर रिपोर्ट मांगी गई।

विधानसभा क्षेत्र में प्रवास करेंगे कोर कमेटी के सदस्य

कल हुई कोर कमेटी की बैठक में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। तय हुआ कि कोर कमेटी के सभी सदस्य जून, जुलाई और अगस्त के महीनों में दो-दो दिन के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस प्रवास के दौरान वे संबंधित विधानसभा की कोर कमेटी के साथ बैठकें करेंगे, बूथ स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। कोर कमेटी सदस्य स्थानीय समस्याओं जैसे सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों का फीडबैक लेंगे और उन्हें सरकार तक पहुंचाने का काम करेंगे। भाजपा इस बार बूथ स्तर की मजबूती पर खास ध्यान दे रही है।

Nitin Navin Uttarakhand

पार्टी का मानना है कि, अगर हर बूथ पर संगठन मजबूत होगा तो चुनावी नतीजे अपने आप अनुकूल आएंगे। कोर कमेटी सदस्यों को उनके प्रभाव क्षेत्र के अनुसार विधानसभाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि हर क्षेत्र में निरंतर निगरानी और काम हो सके। 2027 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल कर इतिहास रचने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस पिछले चुनाव में मिली हार के बाद सत्ता वापस पाने की पूरी ताकत झोंक रही है। ऐसे में भाजपा कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहती।

नई ऊर्जा और एकता का दिया संदेश

नितिन नवीन की बैठक में पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि, टिकट वितरण में भी प्रदर्शन, लोकप्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा को प्राथमिकता दी जाएगी। इस बीच भाजपा ने तीन स्थानीय निकायों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर से राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, नगर पंचायत पाटी से नवीन राम और नगर पंचायत गढ़ी नेगी से सचिन बाठला को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने इन प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है कि, वे स्थानीय स्तर पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे और आने वाले बड़े चुनाव की तैयारी को मजबूत करेंगे। नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा पार्टी के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड में हाल के कुछ समय में संगठनात्मक स्तर पर कुछ चुनौतियां सामने आई थीं। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का व्यक्तिगत रूप से आना और नेताओं-कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना पार्टी में नई ऊर्जा और एकता का संदेश दे रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने साफ कहा कि, हर स्तर पर अनुशासन बनाए रखना होगा। विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए और जनता की शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए।

सरकार और संगठन में समन्वय जरूरी

उन्होंने कहा कि, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है ताकि जनता को अच्छे शासन का लाभ मिल सके।आने वाले दिनों में भाजपा पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर जनसंपर्क कार्यक्रम, बूथ सम्मेलन और कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने वाली है। कोर कमेटी के प्रवास कार्यक्रम के बाद पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को और अधिक परिष्कृत करेगी। उत्तराखंड सरकार पर्यटन, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और रोजगार जैसे क्षेत्रों में कई योजनाएं चला रही है।

Nitin Navin Uttarakhand

भाजपा इन्हीं उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। नितिन नवीन आज भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कल यानी 30 मई को दौरे के आखिरी दिन कुछ और अहम बैठकें करने के बाद दिल्ली वापस लौटेंगे। यह दौरा न सिर्फ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई दिशा दे रहा है बल्कि भाजपा संगठन को नई गति और मजबूती प्रदान करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। पार्टी अब हर मोर्चे पर सक्रिय होकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

 

इसे भी पढ़ें- वोटर लिस्ट की महासफाई में उलझा भाजपा का चुनावी गणित, टेंशन में यूपी हाईकमान

Related Articles

Back to top button