मोनालिसा-फरमान विवाद: धमकियों और ‘लव जिहाद’ के आरोपों के बीच कपल का छलका दर्द

दोनों ने अपनी आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया गया, तो वे सुसाइड कर लेंगे।

नई दिल् ली। महाकुंभ से चर्चा में आईं अभिनेत्री मोनालिसा और उनके पति फरमान खान की शादी को लेकर देश भर में भारी विवाद छिड़ गया है। इस विवाह को ‘लव जिहाद’ का नाम दिया जा रहा है, जिसके कारण कपल को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। विवाद तब और गहरा गया जब मोनालिसा के परिजनों और फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने फरमान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अभिनेत्री को बहला-फुसलाकर यह शादी की है। इन परिस्थितियों ने कपल की निजी और पेशेवर जिंदगी में भारी उथल-पुथल मचा दी है, जिससे वे गहरे तनाव में हैं।

इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरमान खान ने भावुक होकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने खुद पर लगे ‘आतंकी’ होने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे केवल एक कलाकार हैं और उनकी एकमात्र ‘गलती’ मुस्लिम परिवार में जन्म लेना है। फरमान ने अपनी परवरिश का हवाला देते हुए बताया कि वे बचपन से आर्य समाज से जुड़े रहे हैं और श्री नारायण गुरुजी के सिद्धांतों में विश्वास रखते हैं, जिनके मंदिर में उन्होंने विवाह संपन्न किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शादी आपसी सहमति और प्रेम का परिणाम है, न कि किसी साजिश का।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा और फरमान दोनों ने अपनी आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें परेशान करना बंद नहीं किया गया, तो वे सुसाइड कर लेंगे। मोनालिसा ने रोते हुए कहा कि उन्होंने कोई धर्म परिवर्तन नहीं किया है और वे सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। उन्होंने सनोज मिश्रा पर आरोप लगाया कि वे उनके परिवार को डरा रहे हैं और उनकी फिल्म की बकाया फीस भी नहीं दे रहे हैं। कपल ने दिल्ली, मध्य प्रदेश और केरल सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अपील की है कि उनके निजी जीवन को राजनीतिक रंग न दिया जाए।

Related Articles

Back to top button