
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में चले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में 20 फरवरी को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन से देश भर में सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को हुई इस घटना के खिलाफ शनिवार को बीजेपी ने देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया।
इसे भी पढ़ें- एआई इम्पैक्ट समिट 2026: पीएम मोदी का संदेश-1.4 अरब की ताकत से भारत बनेगा AI में विश्व गुरु
राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए

इस दौरान मुंबई में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए गए, जबकि दिल्ली, जयपुर, जम्मू, सूरत, हैदराबाद और अन्य शहरों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने युवा कांग्रेस के इस प्रदर्शन की ‘राष्ट्रविरोधी साजिश’ करार देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
क्या हुआ था एआई समिट में
गौरतलब है कि, गत दिवस यानी शुक्रवार को भारत मंडपम में चल रहे हाई-प्रोफाइल ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में भारतीय युवा कांग्रेस करीब 10 कार्यकर्ता प्रवेश कर गए। यहां हॉल नंबर-5 में उन सबने अपनी सफेद टी-शर्ट उतार दीं और सरकार के खिलाफ नारे लगाये। इन सबकी टी शर्ट ‘PM is compromised’, ‘India-US Trade Deal’, ‘Epstein Files’ जैसे स्लोगन छपे थे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए, जिसमें बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा प्रमुख था। कुछ ने डिस्प्ले बोर्ड के सामने खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
दिल्ली पुलिस ने चार प्रमुख नेताओं कृष्णा हरि, कुंदन यादव (बिहार), अजय कुमार (उत्तर प्रदेश) और नरसिम्हा यादव (तेलंगाना) को गिरफ्तार किया। इस घटना में कुल 15-20 लोगों को हिरासत में लिया गया। पटियाला हाउस कोर्ट ने चार गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
इसे भी पढ़ें- इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में जियो ने रखा ‘नेशन-फर्स्ट AI स्टैक’ का खाका
नेपाल के ‘Gen Z मूवमेंट’ से प्रेरित था प्रदर्शन

पुलिस का कहना है कि, यह प्रदर्शन नेपाल के ‘Gen Z मूवमेंट’ से प्रेरित था और इसमें बड़ी साजिश थी। फेशियल रिकग्निशन तकनीक से बाकी शामिल लोगों की तलाश जारी है।हालांकि यूथ कांग्रेस ने अपना बचाव करते हुए कहा कि यह ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ के खिलाफ आवाज उठाने का तरीका था और वे राष्ट्र की पहचान से समझौता नहीं होने देंगे।
बीजेपी का पलटवार
शनिवार की सुबह बीजेपी युवा मोर्चा ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्रविरोधी कांग्रेस’, ‘AI समिट में शर्मनाक हरकत’ जैसे नारे लगाए।
बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने कहा, यूथ कांग्रेस ने दुनिया को गलत संदेश दिया। राहुल गांधी और कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। मुंबई में राहुल गांधी आज एक मानहानि मामले में अदालत में पेशी के लिए जब मुंबई पहुंचे, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘हाए-हाए राहुल हाए-हाए’, ‘लश्कर-ए-राहुल’ जैसे नारे लगाए। जयपुर, जम्मू, सूरत और अन्य शहरों में भी इसी तरह के प्रदर्शन हुए।
रिजीजू ने ‘सोची-समझी साजिश’ बताया
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने AI समिट में अपनी युवा शाखा को लगाकर देश के खिलाफ बड़ा पाप किया। यह कोई गलती नहीं, बल्कि भारत पर हमला करने की सोची-समझी साजिश थी। रिजीजू ने इसे ‘शर्मनाक’ बताते हुए कहा, जब पूरा देश प्रगति कर रहा है, राहुल गांधी और कांग्रेस दुखी हो जाते हैं। वे 24 घंटे भारत को बदनाम करने की साजिशें रचते रहते हैं।
उन्होंने सवाल किया, कांग्रेस कब तक राष्ट्रविरोधी कृत्यों में लिप्त रहेगी? उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी और कांग्रेस सार्वजनिक माफी मांगें। अन्य बीजेपी नेताओं ने भी यूथ कांग्रेस की इस हरकत की निंदा की। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इसे ‘कांग्रेस की अहंकार और निराशा’ बताया, जबकि अन्य ने ‘टॉपलेस, ब्रेनलेस, शेमलेस’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
भारत की छवि खराब करने की साजिश
यह घटना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को प्रभावित करने का आरोप लगा रही है। समिट में ग्लोबल लीडर्स, टेक CEOs जैसे सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमैन शामिल थे। बीजेपी का कहना है कि यह विरोध भारत की AI क्षमता को बदनाम करने की कोशिश थी। कांग्रेस के सहयोगी दलों ने भी प्रदर्शन की निंदा की, इसे ‘अनुचित’ बताया।
विपक्ष का कहना है कि यह सरकार की नीतियों के खिलाफ वैध विरोध था, लेकिन बीजेपी इसे ‘राष्ट्रविरोधी’ करार दे रही है। पुलिस जांच जारी है और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। यह विवाद दिखाता है कि, राजनीतिक विरोध कितना तीव्र हो सकता है, खासकर जब वैश्विक मंच पर भारत की छवि दांव पर हो। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ‘राष्ट्रविरोधी’ होने का आरोप लगाया है, जिससे आने वाले दिनों में और हलचल मचने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें- इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026: पीएम मोदी ने पेश किया MANAV विजन, बोले- AI में भय नहीं, भाग्य देखता है भारत



