मेरठ में मंच पर छलके डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आंसू, भावुक होकर बोले- ‘हमने गरीबी देखी है, दर्द समझते हैं’

मेरठ। उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को मेरठ में उस वक्त भावुक हो गए, जब वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। मंच से बोलते-बोलते डिप्टी सीएम की आंखें भर आईं और वह अपने आंसू पोंछते नजर आए। उनका यह भावुक पल अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कवि सम्मेलन में भावनाओं पर नहीं रख पाए काबू
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मेरठ दौरे के दौरान एक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शामिल हुए थे। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि वह गरीबों के दर्द को बहुत अच्छी तरह समझते हैं, क्योंकि उन्होंने खुद गरीबी देखी है। यह कहते-कहते उनकी आवाज भर्रा गई और वह मंच पर भावुक हो उठे।

बचपन की गरीबी को किया याद
डिप्टी सीएम ने अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए कहा, “जब मैं पढ़ता था, तब हमारे पास पूरे संसाधन नहीं होते थे। एक ही पैंट होती थी, कभी जूते होते थे तो कभी चप्पल, दोनों एक साथ नहीं होते थे।” उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान मां ने उन्हें सिर्फ स्टोव दिया था, लेकिन तवा देना भूल गई थीं, ऐसे में वह सीधे स्टोव पर ही रोटी सेककर गुजारा करते थे।

‘खुद को इस पद के योग्य नहीं समझता’
भावुक होते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि आज वह जिस पद पर हैं, खुद को उसके योग्य नहीं मानते। उन्होंने कहा कि गरीबी के अनुभव ने उन्हें आम लोगों से जोड़े रखा है और यही वजह है कि वह गरीबों के दुख-दर्द को महसूस कर पाते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक वीडियो
मंच पर डिप्टी सीएम के रो पड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनके संघर्ष और सादगी की चर्चा कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि यह पल उनकी जमीन से जुड़ी सोच और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े कार्यक्रमों में हुए शामिल
मेरठ दौरे के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कई कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि नेताजी सुभाष जन्म दिवस समारोह समिति और पंवार वाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘पराक्रम दिवस’ के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने पी.एल. शर्मा स्मारक भवन में आज़ाद हिंद संघ द्वारा आयोजित नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

नेताजी के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
डिप्टी सीएम ने कहा कि यह प्रदर्शनी नेताजी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” जैसे ओजस्वी विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। नेताजी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और आत्मसम्मान की बड़ी प्रेरणा है।

 

Related Articles

Back to top button