चित्रकूट में दिल दहला देने वाली वारदात, 12 साल के मासूम का अपहरण के बाद मर्डर; एनकाउंटर में एक आरोपी ढेर

चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 12 साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर फिरौती न मिलने पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें एक आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि दूसरा गोली लगने से घायल हुआ है।

व्यापारी के बेटे का अपहरण, फिरौती न मिलने पर हत्या
जानकारी के मुताबिक, चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी अशोक केशरवानी के 12 वर्षीय बेटे का बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद आरोपियों ने परिजनों से फिरौती की मांग की। जब फिरौती नहीं मिली, तो बदमाशों ने मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी। बच्चे की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक ढेर
घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। इसी दौरान पुलिस को बदमाशों की लोकेशन की सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अपहरण और हत्या के मामले में वांछित आरोपी इरफान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

दूसरा आरोपी गोली लगने से घायल
मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी कल्लू पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

इलाके में सुरक्षा बढ़ी, जांच जारी
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button