लखनऊ,सरकारी मंथन संवाददाता। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM) में गुरुवार को भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) के 2023 एवं 2024 बैच के रेलवे फाउंडेशन कोर्स का ‘इंडिया डे’ एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कुल 104 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि में से 10 सप्ताह का सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया।फाउंडेशन कोर्स के दौरान, ऑफिसर ट्रेनी को इंडियन रेलवे के अलग-अलग पहलुओं पर समग्र प्रशिक्षण दिया गया जिसके अंतर्गतकमर्शियल, ऑपरेटिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, अकाउंट्स, पर्सनल, सिग्नल और टेलीकॉम, राजभाषा, मेडिकल और दूसरे जुड़े हुए अन्य विभागों जैसे विशेष फंक्शनल डोमेन पर सेशन शामिल थे, जिससे प्रशिक्षु अधिकारियों को रेलवे के संगठित ठांचे और उसके विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित करने के पहलुओं के विषय में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया जिसमें फिल्ड प्रशिक्षण भी सम्मिलित था।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 112 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल थे, जिनमें IRMS (ट्रैफिक) के 79, IRMS (अकाउंट्स) के 29 तथा भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा के 4 अधिकारी सम्मिलित हुए।कार्यक्रम का शुभारम्भ सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से हुआ, जिसमें देश की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि की झलक देखने को मिली। इस समारोह में प्रशिक्षु अधिकारियों को सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सराहा गया और उन्हें मेडल प्रदान किये गए। इस अवसर पर पूर्णिमा सुदेन को उनके पर सर्वांगीण उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए महानिदेशक मेडल प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महानिदेशक, IRITM, रंजन प्रकाश ठाकुर ने प्रशिक्षु अधिकारियों की लगन, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी, संकाय सदस्यगण तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



