
Virat Kohli 38th Birthday: भारतीय क्रिकेट के पर्याय और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली गुरुवार को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश-विदेश के दिग्गज क्रिकेटरों, पूर्व खिलाड़ियों और उनके साथियों ने सोशल मीडिया के जरिए ‘किंग कोहली’ पर प्यार और सम्मान की बरसात की है। शिखर धवन, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक और रवि शास्त्री जैसे दिग्गजों ने कोहली के साथ जुड़ी अपनी यादगार यादों को साझा करते हुए उनके जुनून, समर्पण और अविश्वसनीय फिटनेस की जमकर तारीफ की है।
क्रिकेट दिग्गजों के खास और भावुक संदेश
विराट कोहली के 38वें जन्मदिन पर पूर्व भारतीय मध्यक्रम बल्लेबाज सुरेश रैना ने विराट को ‘किंग’ संबोधित करते हुए लिखा, “एक बार का किंग, हमेशा किंग रहता है।” रैना ने कोहली के आइकॉनिक कवर ड्राइव और रन-चेज की कला का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मैदान पर बल्लेबाजी करते देखना हर क्रिकेट प्रेमी के लिए बेहद सुखद अनुभव होता है।

आरसीबी (RCB) में विराट के साथी रहे पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कोहली की फिटनेस पर हैरानी जताते हुए लिखा, “हर साल वही आग और जुनून! 38 साल की उम्र में भी ऐसी गजब की फिटनेस पहले कभी नहीं देखी। जन्मदिन मुबारक हो विराट!”

पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने विराट के खेल के प्रति अद्वितीय जुनून और भूख की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोहली की मेहनत और खेल के प्रति प्यार आज भी दुनिया भर के लाखों युवाओं को प्रेरित करता है।

भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में बधाई दी। उन्होंने लिखा, “जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं चैंपियन! 37वें साल के आखिरी दिनों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हो। मैं 38 का हो रहा हूं, लेकिन 36 का लग रहा हूं… इसी तरह खेल का आनंद लेते रहो!”

पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट के साथ अपनी शतकीय साझेदारी की तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा कि कुछ साझेदियां रनों से नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी यादों के लिए दिल के करीब होती हैं। उन्होंने विराट से इसी ऊर्जा के साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करते रहने की कामना की।

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और पूर्व पेसर मुनाफ पटेल ने भी सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए विराट के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की प्रार्थना की।


यह भी पढ़ें: राजभर का अखिलेश पर करार तंज, ‘PDA में ‘डी’ यानी दूर से प्रणाम’
विराट कोहली के नाम दर्ज 10 ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स
विराट कोहली का 18 साल का करियर रिकॉर्ड्स की एक ऐसी किताब है, जिसे तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। उनके नाम दर्ज 10 बड़े रिकॉर्ड्स पर एक नज़र:
वनडे में सबसे ज्यादा शतक (55 सेंचुरी): विराट कोहली वनडे क्रिकेट इतिहास में 55 शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में सचिन तेंदुलकर (49 शतक) के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ा था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 86 शतक: तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी-20) को मिलाकर विराट के नाम 86 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं। वे इस सूची में केवल महान सचिन तेंदुलकर (100 शतक) से पीछे हैं।
एक वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन (765 रन): 2023 के वनडे विश्व कप में विराट ने 11 पारियों में 765 रन बनाए थे, जो किसी भी एक वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर: 2023 विश्व कप के दौरान कोहली ने 3 शतक और 6 अर्धशतक (कुल 9 बार 50 से अधिक का स्कोर) जमाए थे। उन्हें टूर्नामेंट का ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था।
भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान: कोहली ने 68 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कमान संभाली और 40 मुकाबलों में टीम को जीत दिलाई। वे भारत के इतिहास के सबसे सफल और असरदार टेस्ट कप्तान हैं।
वनडे में सबसे तेज 15,000 रन: विराट कोहली ने महज 315 पारियों में अपने 15,000 वनडे रन पूरे किए। वे इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के केवल दूसरे बल्लेबाज हैं।
टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा दोहरे शतक (7 दोहरे शतक): टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 7 दोहरे शतक जड़ने का सर्वकालिक रिकॉर्ड विराट कोहली के ही नाम है।
लगातार 4 टेस्ट सीरीज में दोहरे शतक: साल 2016-17 के दौरान विराट ने लगातार चार टेस्ट सीरीजों में 4 दोहरे शतक जड़े थे। क्रिकेट इतिहास में ऐसा करने वाले वे दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
आईपीएल (IPL) इतिहास में सर्वाधिक रन: आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड कोहली के नाम है। उन्होंने साल 2016 के एकलौते आईपीएल सीजन में 973 रन बनाए थे (जिसमें 4 शतक शामिल थे), जो आज तक एक अनटूटा रिकॉर्ड है।
टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’: टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम ही दर्ज है।



