उत्तराखंड PCS 2024: 1.5 लाख आवेदकों में से चुने गए सिर्फ 182, धामी ने दी बधाई

 देहरादून।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राज्य के युवाओं के लिए एक खास दिन की सौगात दी। उन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित कुल 182 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में निजी सहायक के पद पर चयनित पांच अन्य उम्मीदवारों को भी इस अवसर पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस तरह कुल मिलाकर 187 युवाओं को इस समारोह में सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिला।

इसे भी पढ़ें- आग से बचाव को लेकर उत्तराखंड सरकार सख्त, धामी बोले- जनसुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’

जनता के भरोसे का प्रतीक है नियुक्ति पत्र

यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के शिविर कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नव नियुक्त अभ्यर्थी, उनके परिजन और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा, क्योंकि लंबे समय की मेहनत के बाद इन युवाओं को अपनी नियुक्ति के दस्तावेज मिले।

CM DHAMI

इस अवसर पर नव नियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि, यह नियुक्ति पत्र केवल एक सरकारी दस्तावेज मात्र नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की करीब 125 लाख जनता के भरोसे, उनकी अपेक्षाओं और लोक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि, किसी भी अधिकारी की असली पहचान उसके पद, कुर्सी या ओहदे से नहीं होती, बल्कि उसकी कार्यशैली, नैतिकता, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होती है।

सीएम ने नव नियुक्त युवाओं से आह्वान किया कि, वे अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा इस भावना को याद रखें कि वे जनता के सेवक हैं और उनका हर निर्णय आम नागरिकों के जीवन को प्रभावित करता है।

लाखों आवेदकों ने किया था आवेदन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयन प्रक्रिया से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि, उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए राज्यभर से करीब 1 लाख 50 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी में परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केवल 182 उम्मीदवारों का चयन हुआ।

CM DHAMI

मुख्यमंत्री ने इसे एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए कहा कि, यह आंकड़ा खुद बताता है कि, चयनित उम्मीदवारों ने कितनी मेहनत, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों की प्रतिभा और परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

जनता की सेवा का माध्यम 

अपने संबोधन में सीएम धामी ने जनसेवा की भावना पर विशेष रूप से जोर दिया। उन्होंने कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई भी सार्वजनिक पद केवल अधिकार जताने या सत्ता का प्रयोग करने के लिए नहीं होता, बल्कि यह जनता की निस्वार्थ सेवा करने का एक माध्यम होता है। उन्होंने बताया कि, वर्तमान राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निपटान और जन संतुष्टि जैसे मार्गदर्शक सिद्धांतों को आधार बनाकर काम कर रही है।

CM DHAMI

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अधिकारियों से विशेष आग्रह किया कि, वे यह सुनिश्चित करें कि, सरकार की सभी योजनाएं और सेवाएं पूरी पारदर्शिता, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी पहुंचें। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि, दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में पूरा सम्मान, भरोसा और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान मिलना चाहिए, यही एक सच्चे लोकसेवक की पहचान है।

नकल विरोधी सख्त कानून से बढ़ा भरोसा

धामी ने इस अवसर पर राज्य सरकार की भर्ती प्रक्रिया में लाई गई पारदर्शिता का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि, उत्तराखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं को पूरी तरह समाप्त करने के लिए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानूनों में से एक को लागू किया है।

उन्होंने कहा कि, इस सख्त कानून का बेहद सकारात्मक असर देखने को मिला है और इससे राज्य के युवाओं का भर्ती प्रक्रिया को लेकर विश्वास काफी मजबूत हुआ है। अब अभ्यर्थी यह भरोसा कर पा रहे हैं कि, उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर ही उनका चयन होगा, न कि किसी अनुचित तरीके से।

4 हजार से अधिक को मिली नौकरी

मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।

CM DHAMI

उन्होंने कहा कि आज इस कार्यक्रम में 187 और नए युवा उम्मीदवारों के सरकारी सेवा में शामिल होने से यह आंकड़ा और आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि, यह उपलब्धि युवा सशक्तिकरण के प्रति राज्य सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सरकार इसी तरह पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करती रहेगी।

नव नियुक्त अधिकारियों में दिखा उत्साह

कार्यक्रम में मौजूद नव नियुक्त अधिकारियों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। लंबे समय तक कड़ी मेहनत और तैयारी के बाद मिली इस सफलता से अभ्यर्थी और उनके परिजन दोनों ही बेहद खुश नजर आए। कई अभ्यर्थियों ने इस अवसर पर सरकार का आभार जताते हुए कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते ही वे अपनी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे।

 

इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड: रुद्रपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू, 369 करोड़ की योजनाओं का हुआ लोकार्पण

Related Articles

Back to top button