भाजपा सरकार के रहते उत्तर प्रदेश कभी नहीं बन पाएगा ‘उत्तम प्रदेश’: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के रहते उत्तर प्रदेश कभी ‘उत्तम प्रदेश’ नहीं बन पाएगा और न ही नागरिकों में सुरक्षा का भाव रहेगा।

उन्होंने शनिवार को कहा कि कानून व्यवस्था पर लम्बे-लम्बे भाषण देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद अपने प्रदेश को संभालने में विफल रहे हैं। वे दूसरे प्रदेशों में जाकर अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री रहते प्रदेश बदनामी और बदहाली से उबर नहीं पाएगा। चारों तरफ जंगलराज है। राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते प्रशासनतंत्र पूर्णतया निष्क्रिय हो चला है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कितनी तरक्की कर ली है इससे जाहिर है कि ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स 2020 के अनुसार प्रदेश का एक भी शहर टाप टेन में नहीं है। स्वास्थ्य एवं आवासीय सेवाएं, पीने का पानी, साफ-सफाई आदि की स्थिति उप्र के शहरों में अच्छी नहीं मिली है। शर्मनाक हालत है कि राजधानी लखनऊ देश के रहने वालों शहरों की सूची में 26वें स्थान पर ठहर गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर कोई नियंत्रण नहीं है। सपा सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 तथा 1090 जैसी योजनाएं बनायी थीं। भाजपा सरकार ने इन योजनाओं पर भी पानी फेर दिया है और अब वह पिंक बूथ, नारी शक्ति जैसे टोटकों से लोगों को बहकाने में लगी है।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने निकाली बम्पर भर्ती, 5 मार्च से शुरू ऑनलाइन आवेदन

अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक हत्याओं पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षण में निरंतर जारी सपा नेताओं की हत्या और बेलगाम अपराध पर मौन धारण किए है।

Related Articles

Back to top button