
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तुलसीपुर-पचपेड़वा-बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक देवीपाटन मेला से लौट रहे थे। बताया गया कि पचपेड़वा कस्बे के निवासी आदिल अपने दोस्तों के साथ शनिवार रात तुलसीपुर स्थित मेले में गए थे। रविवार सुबह जब वे वापस लौट रहे थे, तभी पुरुषोत्तम गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पुल से टकरा गई।
इस भीषण टक्कर में आदिल (21) और अफरोज (20) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हाशमी, गोलू और एक अन्य युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हाशमी (21) की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
तुलसीपुर के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राकेश यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने राज्य सरकार से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



