
-
कन्नौज के पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियों पर कसा तंज, बोले- सत्ता में आने की उम्मीद छोड़ दें अखिलेश
लखनऊ। कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन में भीड़ न जुटने और इसके बाद जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने के मामले पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, अखिलेश को अब समझ लेना चाहिए कि, प्रदेश की जनता उन्हें देखना पसंद नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि, सपा को संगठनात्मक स्तर पर गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि, अखिलेश को बीते कुछ दिनों में कई जिलों की कमेटियां भंग करनी पड़ी हैं।
इसे भी पढ़ें- पंचायत चुनाव पर कोर्ट के फैसले का सम्मान, आदेश पढ़कर तय होगी आगे की रणनीति: राजभर
कन्नौज सम्मेलन की भीड़ पर उठाए सवाल
कन्नौज में आयोजित सपा के पीडीए सम्मेलन में खाली पड़ी कुर्सियों और अपेक्षा से कम भीड़ की चर्चा के बीच राजभर ने आयोजन को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज कसा कि, अखिलेश अपने ही संसदीय क्षेत्र में भीड़ नहीं जुटा पाए। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के अपने क्षेत्र में हुए कार्यक्रम का नतीजा सभी देख रहे हैं। उनके मुताबिक, इस आयोजन का रिजल्ट पूरा देश देख रहा है।
सत्ता में आने की उम्मीद छोड़ें अखिलेश
राजभर ने कन्नौज में हुए अपने कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि, मई के आखिरी दिनों में वहां आयोजित सभा में 8 से 10 हजार लोग जुटे थे। उन्होंने इसकी तुलना सपा के पीडीए सम्मेलन से करते हुए कहा कि दोनों कार्यक्रमों के नतीजे सबके सामने हैं।

राजभर ने कहा कि, मौजूदा हालात देखकर सपा प्रमुख समझ गए हैं कि अब उन्हें सत्ता में नहीं आना है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि वे अब सत्ता में आने की उम्मीद छोड़ दें और जनता का मूड समझ लें।
सोशल मीडिया पर भी बोला हमला
इससे पहले ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा कि, जिस कन्नौज से अखिलेश यादव सांसद हैं, वहीं की जनता ने उन्हें उनकी हैसियत दिखा दी है।
संगठन में मुश्किलों का दावा
राजभर ने दावा किया कि, समाजवादी पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। कन्नौज में भीड़ न जुटने के बाद जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने को उन्होंने इसी का नतीजा बताया। उनके मुताबिक बीते कुछ दिनों में कई जिलों की कमेटियां भंग करनी पड़ी हैं। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को जनता का मूड समझ लेना चाहिए और सत्ता में आने की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें- ओवैसी की रैलियों से डरे अखिलेश? राजभर का दावा- ‘गोपनीय सर्वे करा रही सपा’



