
छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में सस्ती साड़ी का ऑफर महिलाओं के लिए परेशानी का कारण बन गया। ₹5,000 की साड़ी मात्र ₹599 में मिलने की खबर फैलते ही एक साड़ी सेंटर पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात इतने बेकाबू हो गए कि मौके पर भगदड़ मच गई, जिसमें तीन महिलाएं बेहोश हो गईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
रविवार को शहर के आकाशवाणी से त्रिमूर्ति चौक इलाके में स्थित एक नए साड़ी सेंटर के उद्घाटन के दौरान भारी छूट का ऐलान किया गया। मकर संक्रांति को लेकर दिए गए इस खास ऑफर के तहत महंगी साड़ियां बेहद कम कीमत पर मिलने लगीं। खबर फैलते ही करीब एक हजार से ज्यादा महिलाएं और लड़कियां एक साथ दुकान पर पहुंच गईं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई बच्चे दब गए, वहीं दम घुटने से तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सोशल मीडिया प्रचार से पहले ही बनी थी भारी भीड़
बताया जा रहा है कि इस साड़ी सेंटर के उद्घाटन से पहले ही पिछले तीन महीनों से सोशल मीडिया पर लोकल रील स्टार्स के जरिए प्रचार किया जा रहा था। 199 रुपये से 599 रुपये तक की साड़ियों के वीडियो वायरल होने से महिलाओं में खरीदारी को लेकर पहले से ही भारी उत्सुकता थी।
रविवार सुबह 10 बजे से ही महिलाएं दुकान के बाहर लाइन में खड़ी थीं। सुबह 11 बजे उद्घाटन होते ही महिलाएं एक साथ अंदर घुसने लगीं, जिससे कुछ ही देर में सड़क जाम हो गई और हालात काबू से बाहर हो गए।
पुलिस ने संभाली स्थिति, दुकान अस्थायी रूप से बंद
घटना की सूचना मिलते ही जवाहरनगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सचिन कुंभार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने माइक के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की और यह घोषणा की कि यह ऑफर सिर्फ एक दिन का नहीं बल्कि पूरे 365 दिन जारी रहेगा।
इसके बावजूद हालात न सुधरने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया। दोपहर करीब 2 बजे के बाद भीड़ कम हुई, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल दुकान के बाहर पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।



