अपर्णा के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन, सीएम योगी ने जताया शोक, अखिलेश बोले- ‘हिला देने वाली खबर’

 लखनऊ।  समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक यादव भाजपा की नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे। वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे, जिनका देहांत साल 2022 में हुआ था।

इसे भी पढ़ें-यूपी में महिला आरक्षण पर महासंग्राम, अपर्णा यादव ने जलाया सपा-कांग्रेस का झंडा, अखिलेश ने कसा तंज 

प्रतीक यादव की मृत्यु के कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि प्रतीक को सुबह करीब 5 बजकर 55 मिनट पर अस्पताल लाया गया था, लेकिन उस समय उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया। डॉक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

इस दुखद घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इसे एक अत्यंत दुखद क्षति बताया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।

अखिलेश यादव ने भी इस खबर को दिल दहला देने वाला बताया और कहा कि वह प्रतीक को बचपन से जानते थे और वह जीवन में बहुत कुछ करने की इच्छा रखते थे। अखिलेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह पूरे परिवार के लिए एक बड़ा सदमा है और वे इस मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं और परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए आगे बढ़ेंगे।

राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक यादव पेशे से एक व्यवसायी थे और अपनी फिटनेस को लेकर काफी सक्रिय रहते थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पूरा परिवार और समर्थक पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि इस अचानक हुई अनहोनी के कारणों का पता चल सके।

 

इसे भी पढ़ें- उत्तरप्रदेश : अब बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी अपर्णा यादव, दिल्ली में बीजेपी नेताओं से की मुलाकात

Related Articles

Back to top button