
SA20 2025-26 का सीजन पूरे रोमांच के साथ खेला जा रहा है, लेकिन इसी बीच डरबन सुपर जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं। दरअसल, कॉन्वे को भारत दौरे के लिए न्यूजीलैंड की वनडे और टी20 टीम में शामिल किया गया है, जिसके चलते उन्होंने SA20 छोड़ दिया है।
भारत दौरे पर दिखेंगे डेवोन कॉन्वे
डेवोन कॉन्वे भारत दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 11 जनवरी से शुरू होगी, जिसमें कॉन्वे एक्शन में नजर आएंगे। उनकी गैरमौजूदगी से डरबन सुपर जायंट्स के बल्लेबाजी क्रम को बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
लियाम लिविंगस्टोन को मिला मौका
कॉन्वे के बाहर होने के बाद डरबन सुपर जायंट्स ने लियाम लिविंगस्टोन को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। लिविंगस्टोन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और कुछ ही गेंदों में मैच का रुख बदलने की काबिलियत रखते हैं।
SA20 में पहले भी दिखा चुके हैं दम
लियाम लिविंगस्टोन इससे पहले भी SA20 का हिस्सा रह चुके हैं। वह MI केपटाउन और प्रिटोरिया कैपिटल्स की ओर से खेल चुके हैं। अब तक उन्होंने लीग में 14 मैचों में 158 रन बनाए हैं और साथ ही 4 विकेट भी झटके हैं। डरबन सुपर जायंट्स SA20 में उनकी तीसरी टीम होगी।
प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर डरबन
मौजूदा सीजन में डरबन सुपर जायंट्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 1 जीत, 2 हार और 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। 8 अंकों के साथ टीम का नेट रन रेट -1.029 है और वह फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर मौजूद है।



