
मनोरंजन जगत का सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला ‘नागिन 7 ‘ सीरियल एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार इसकी चर्चा सफलता को लेकर नहीं बल्कि इसके बंद होने को लेकर है। एकता कपूर के शो में प्रियंका चाहर चौधरी लीड रोल में हैं। खबर आ रही है कि, टेलीविजन पर गिरती टीआरपी और दर्शकों के बदलते मिजाज को देखते हुए मेकर्स ने इस शो को ऑफ-एयर करने का मन बना लिया है। एक समय पर टीआरपी चार्ट पर राज करने वाला यह शो अब टॉप 5 की रेस से भी बाहर होता दिख रहा है, जिसके बाद बालाजी टेलीफिल्म्स और कलर्स टीवी के बीच शो के भविष्य को लेकर मंथन तेज हो गया है।
इसे भी पढ़ें- फरवरी के तीसरे हफ्ते में ओटीटी पर मिलेगा मनोरंजन का फुल डोज, रिलीज होंगे ये फ़िल्में और सीरिज
गिर रही टीआरपी
किसी भी टीवी शो की उम्र और लोकप्रियता का पैमाना उसकी टीआरपी रेटिंग होती है और ‘नागिन 7’ के साथ यहीं सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। प्रियंका चाहर चौधरी की जबरदस्त फैन फॉलोइंग के बावजूद यह शो टीवी दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखने में नाकाम साबित हो रहा है। शुरुआती हफ्तों में तो शो ने अच्छी पकड़ बनाई थी और दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा की थी, लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ी, दर्शकों का उत्साह कम होता गया।

एक रिपोर्ट के अनुसार, एकता कपूर अब इस शो पर ताला लगाने का विचार कर रही हैं, क्योंकि शो का प्रोडक्शन और वीएफएक्स कॉस्ट काफी ज्यादा है और उस तुलना में रेटिंग्स संतोषजनक नहीं आ रही हैं। गिरती टीआरपी के पीछे कहानी में दोहराव और अन्य चैनल्स पर प्रसारित होने वाले कड़े मुकाबले वाले शोज को मुख्य वजह माना जा रहा है।
जब ‘नागिन 7’ की रेटिंग्स गिरनी शुरू हुई, तो एकता कपूर ने अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर शो में कई नए ट्विस्ट और टर्न डालने की कोशिश की, ताकि दर्शकों की दिलचस्पी वापस लौट सके। शो की स्क्रिप्ट में बड़े बदलाव किए गए और नए किरदारों की एंट्री के साथ कहानी को रोमांचक बनाने का प्रयास किया गया।
अक्षय कुमार भी नहीं डाल सके सीरियल में जान
हाल ही में एकता कपूर को खुद ‘नागिन 7’ के सेट पर देखा गया था, जहां वह अकेले नहीं थीं बल्कि बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार के साथ अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ को प्रमोट करने पहुंची थीं। इस दौरान अक्षय कुमार और राजपाल यादव ने शो की स्टारकास्ट के साथ जमकर मस्ती की और एक विशेष एपिसोड शूट किया गया।
मेकर्स को उम्मीद थी कि, अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारे की मौजूदगी से शो की रेटिंग्स में उछाल आएगा, लेकिन बड़े पैमाने पर हुए इस प्रमोशन के बावजूद टीवी रेटिंग्स में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला, जिसने मेकर्स की चिंता और बढ़ा दी। दिलचस्प बात यह है कि जहां एक ओर ‘नागिन 7’ टेलीविजन पर संघर्ष कर रहा है, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी ओटीटी पर इसकी लोकप्रियता अब भी सातवें आसमान पर है।
ऑरमैक्स मीडिया की ताजा रिपोर्ट ने सभी को हैरान कर दिया है, क्योंकि डिजिटल दर्शकों के बीच ‘नागिन 7’ की दीवानगी कम नहीं हुई है। पिछले हफ्ते की ओटीटी व्यूअरशिप लिस्ट में आईपीएल 2026 के बाद जो कंटेंट सबसे ज्यादा देखा गया, वह ‘नागिन 7’ ही था। आईपीएल 2026 को 105.8 मिलियन व्यूज के साथ पहला स्थान मिला, जबकि ‘नागिन 7’ ने 4.0 मिलियन व्यूज के साथ दूसरे स्थान पर अपनी जगह बनाई।
फैन्स ने शुरू किया कैंपेन
इस आंकड़े से साफ है कि, युवा पीढ़ी और मोबाइल पर शो देखने वाले यूजर्स इसे काफी पसंद कर रहे हैं, लेकिन पारंपरिक टीवी दर्शक अब अलौकिक कहानियों से दूरी बना रहे हैं। यही विरोधाभास मेकर्स के लिए सबसे बड़ी उलझन बना हुआ है कि, वे एक डिजिटल हिट शो को टीवी पर खराब रेटिंग के कारण बंद करें या नहीं। शो के ऑफ-एयर होने की खबर सुनते ही सोशल मीडिया पर प्रियंका चाहर चौधरी के फैंस और ओटीटी दर्शकों ने ‘सेव नागिन 7’ कैंपेन शुरू कर दिया है।
फैंस का तर्क है कि आईपीएल के सीजन के दौरान लगभग हर टीवी शो की रेटिंग प्रभावित होती है, इसलिए केवल ‘नागिन’ को बंद करना गलत होगा। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक चैनल या प्रोडक्शन हाउस की तरफ से कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है, लेकिन इंडस्ट्री में चर्चा है कि कहानी को जल्द ही एक तार्किक अंत की ओर ले जाया जा सकता है।
फिलहाल ‘नागिन 7’ का भविष्य अधर में लटका हुआ है और एकता कपूर के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं। क्या वह इस शो को ओटीटी पर शिफ्ट करेंगी या फिर इसे पूरी तरह बंद कर एक नए सीजन की तैयारी करेंगी, यह आने वाले कुछ हफ्तों में साफ हो जाएगा।
प्रियंका चाहर चौधरी के करियर के लिए यह एक बड़ा प्रोजेक्ट था और फैंस उन्हें इस अवतार में और लंबे समय तक देखना चाहते हैं। फिलहाल तो दर्शक यही उम्मीद कर रहे हैं कि मेकर्स कोई ऐसा रास्ता निकालें जिससे यह शो अपनी पुरानी लय वापस पा सके और टीवी पर भी अपना जादू फिर से चला सके।
इसे भी पढ़ें- मनोरंजन जगत से आई बुरी खबर, पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के इस एक्टर का कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ निधन



