
बेंगलुरू। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली की शानदार फॉर्म और ऊर्जा की हर ओर चर्चा हो रही है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोहली की जमकर सराहना करते हुए कहा कि वह जो कहते हैं, उसे मैदान पर करके दिखाते हैं।
अश्विन ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि टेस्ट और वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद कोहली की ऊर्जा और जोश में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कोहली का खेल देखने पर ऐसा लगता है जैसे वह युवा खिलाड़ियों को सिखा रहे हों कि क्रिकेट किस तरह खेला जाना चाहिएपूरे जुनून और आक्रामकता के साथ।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदाराबाद के खिलाफ 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने छह विकेट से जीत दर्ज की।
अश्विन ने कहा, “वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। ऐसा लगता है कि वह लोगों को दिखा रहे हैं कि कैसे खेला जाता है जोरदार अंदाज में और सही तरीके से।” उन्होंने कोहली की इस पारी को खास बताते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन में निरंतरता और आत्मविश्वास साफ झलकता है।
𝗔 𝗰𝗹𝗶𝗻𝗶𝗰𝗮𝗹 𝘀𝘁𝗮𝗿𝘁 𝘁𝗼 𝗜𝗣𝗟 𝟮𝟬𝟮𝟲 – let’s take you to the team’s dressing room for more! ❤️🔥
Yet another chase masterclass from Virat, Dev’s supreme knock, Duffy’s deadly spell making it a sensational debut, Salty’s jaw dropping fielding, and the love of our… pic.twitter.com/CT6xdat6rF
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) March 29, 2026
हाल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो विराट शानदार लय में नजर आए हैं। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 93, 23 और 124 रन बनाए थे, जबकि दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में दो शतकों की मदद से कुल 302 रन जोड़े थे।
अश्विन ने कोहली की फिटनेस और विकेटों के बीच दौड़ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतने अनुभव और उम्र के बावजूद उनकी फुर्ती और रन लेने की भूख हैरान करती है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक मैच के दौरान कोहली 40 रन के करीब खेल रहे थे और एक रन लेने के बाद भी दूसरे रन के लिए उतावले दिखे, जबकि दूसरे बल्लेबाज अभी क्रीज तक भी नहीं पहुंचे थे।
अश्विन के मुताबिक, लेग साइड पर छोटी बाउंड्री होने के बावजूद कोहली का रनिंग पर जोर यह दिखाता है कि वह खेल के प्रति कितने समर्पित और ऊर्जावान हैं।उन्होंने कहा कि कोहली का यही जज्बा उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है और यही कारण है कि वह आज भी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।



