
नयी दिल्ली। देश की प्रमुख क्विक सर्विस रेस्तरां श्रृंखला संचालक कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कॉफी और डोनट ब्रांड ‘डंकिन’ के साथ अपने मौजूदा फ्रेंचाइजी समझौते को आगे न बढ़ाने का निर्णय लिया है।
भारतीया परिवार द्वारा प्रवर्तित इस कंपनी ने शेयर बाजार को सूचित किया है कि 24 फरवरी 2011 को किया गया यह ‘मल्टीपल यूनिट डेवलपमेंट फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट’ आगामी 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। कंपनी के निदेशक मंडल ने वर्तमान अवधि समाप्त होने के बाद भारत में डंकिन ब्रांड के विकास और संचालन के अधिकारों को नवीनीकृत (रिन्यू) न करने का फैसला किया है, जिसके तहत अब डंकिन के स्टोर चरणबद्ध तरीके से बंद किए जाएंगे।
जुबिलेंट फूडवर्क्स अब डंकिन ब्रांड के मौजूदा परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। इसमें परिचालनों का युक्तिकरण, संपत्तियों की बिक्री, हस्तांतरण या डंकिन के मालिकों के परामर्श से फ्रेंचाइजी अधिकारों का निपटान शामिल हो सकता है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया कानूनी और नियामकीय आवश्यकताओं के दायरे में रहकर पूरी की जाएगी। वर्तमान में जेएफएल भारत समेत छह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 3,500 से अधिक स्टोर संचालित करती है, जिनमें डोमिनोज और पोपायज जैसे वैश्विक ब्रांडों के साथ-साथ उनके अपने ब्रांड होंग्स किचन और कैफे ब्रांड ‘कॉफी’ भी शामिल हैं।



