6 हफ्तों से ज्यादा खुजली और चकत्ते? हो सकती है CSU जैसी गंभीर बीमारी, न करें नजरअंदाज

त्वचा पर अचानक लाल दाने उभरना, चकत्ते होना या तेज खुजली होना आम बात लग सकती है। अधिकांश लोग यही सोचते हैं कि शायद किसी खाद्य पदार्थ से एलर्जी हुई है या फिर किसी नए लोशन, साबुन या क्रीम के इस्तेमाल का यह साइड-इफेक्ट है। ऐसे में अक्सर लोग मेडिकल स्टोर से कोई सामान्य एंटीएलर्जी या मरहम लेकर काम चला लेते हैं, लेकिन जरा सोचिए, अगर यही परेशानी हफ्ते-दो हफ्ते नहीं, बल्कि हफ्तों और महीनों तक बनी रहे और बार-बार लौटकर आए, तो मामला कितना गंभीर हो सकता है?

इसे भी पढ़ें- सुबह आंखें भारी और सूजी हुई? कहीं किसी बड़ी बीमारी का संकेत तो नहीं

चिकित्सा विज्ञान इसे मामूली एलर्जी नहीं, बल्कि एक गंभीर और लंबी चलने वाली बीमारी मानता है। इसे ‘क्रोनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया’ (CSU) कहा जाता है। समय रहते इस बीमारी की पहचान न की जाए, तो यह न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और सामाजिक जीवन को भी गहरे रूप से प्रभावित कर सकती है।

क्या है क्रोनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया (CSU)?

त्वचा रोग का कहना है कि, जब शरीर पर चकत्ते और खुजली की समस्या लगातार 6 हफ्ते या उससे अधिक समय तक बनी रहती है, तो उसे ‘क्रोनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया’ कहते हैं। ‘क्रोनिक’ का अर्थ है लंबे समय तक टिकने वाली बीमारी और ‘स्पॉन्टेनियस’ का मतलब है कि इसके होने का कोई स्पष्ट या तात्कालिक कारण सामने नहीं आता। यह बिना किसी पूर्व चेतावनी के शरीर पर दिखने लगता है।

Itching and Rashes

अक्सर लोग इसे मौसमी एलर्जी या सामान्य पित्ती समझकर नजरअंदाज करते रहते हैं, लेकिन यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। इस बीमारी में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली और त्वचा की कोशिकाओं के बीच असंतुलन पैदा होता है, जिसके कारण हिस्टामाइन नामक रसायन का रिसाव होता है और त्वचा पर चकत्ते व सूजन उभरने लगती है।

CSU के लक्षण

इस बीमारी को सामान्य एलर्जी से अलग पहचानना बेहद जरूरी है।

त्वचा पर उभरे हुए चकत्ते

इस बीमारी की सबसे बड़ी और प्रमुख पहचान है त्वचा पर अचानक उभरे हुए लाल या त्वचा के रंग जैसे चकत्ते। ये चकत्ते शरीर के किसी भी हिस्से पर उभर सकते हैं।

तीव्र खुजली

इन चकत्तों के साथ असहनीय और तेज खुजली होती है।

स्थान बदलना

इस बीमारी का एक लक्षण है कि, ये शरीर के एक हिस्से पर निकला चकत्ता कुछ घंटों में अपने आप ठीक हो जाता है, और शरीर के दूसरे हिस्से में नजर आने लगता है।

रात में खुजली का बढ़ना

इस बीमारी में दिन के मुकाबले रात के समय खुजली और बेचैनी काफी बढ़ जाती है, जिससे मरीज को परेशानी ज्यादा महसूस होती है।

नींद में खलल और थकान

रातभर तेज खुजली और परेशानी के कारण मरीजों की नींद बार-बार टूटती है, जिससे वे गहरी नींद नहीं सो पाते और अगले दिन भारी थकान, कमजोरी और सुस्ती महसूस करते हैं।

 CSU का गंभीर असर

हाल ही में (वर्ष 2025 में) CSU के मरीजों पर किए गए एक विस्तृत चिकित्सीय सर्वे में चौकाने वाले और गंभीर तथ्य सामने आए हैं। सर्वे के अनुसार, इस बीमारी से जूझ रहे आधे से ज्यादा यानी 62 प्रतिशत लोगों ने माना कि बीमारी के उग्र होने के दौरान उन्हें गंभीर रूप से नींद न आने की समस्या का सामना करना पड़ा।

वहीं, करीब 49 प्रतिशत यानी लगभग आधे मरीजों ने अत्यधिक थकान और मानसिक अशान्ति की शिकायत की। विशेषज्ञ बताते हैं कि, लगातार नींद पूरी न होने और शरीर में थकान बने रहने से व्यक्ति की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, और वह धीरे-धीरे तनाव या अवसाद   की ओर बढ़ने लगता है, इसलिए, यदि आपको या आपके किसी परिचित को भी ऐसी समस्या है, तो इसे केवल ‘सामान्य खुजली’ कहकर टालना खतरनाक साबित हो सकता है।

सूजन को न करें इग्नोर

CSU के कई मामलों में केवल त्वचा पर चकत्ते ही नहीं उभरते, बल्कि त्वचा की गहराई में सूजन भी आ जाती है, जिसे चिकित्सीय भाषा में ‘एंजियोएडेमा’ कहा जाता है।

यह सूजन आमतौर पर चेहरे, होंठ, पलकों, हाथों और पैरों जैसे संवेदनशील हिस्सों पर दिखाई देती है।

यह स्थिति कभी-कभार चकत्तों के साथ आती है तो कभी पूरी तरह अकेले भी हो सकती है।

कब जाएं इमरजेंसी में?

विशेषज्ञ चेताते हैं कि, यदि यह सूजन होंठ या पलकों तक सीमित न रहकर गले, जीभ या श्वसन नली तक पहुंच जाए, तो स्थिति जानलेवा हो सकती है। यदि मरीज को सांस लेने में भारी दिक्कत, कुछ भी निगलने में कठिनाई, या गले और जीभ में भारी सूजन महसूस हो, तो बिना एक पल गंवाए तुरंत नजदीकी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचना चाहिए।

 घरेलू नुस्खों और बिना सलाह दवा से बचें

इस बीमारी की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ज्यादातर मामलों में इसकी कोई एक तय या स्पष्ट वजह (जैसे कोई विशेष खान-पान या साबुन) पकड़ में नहीं आती। यही कारण है कि मरीज अक्सर भ्रम में रहते हैं।

itching and rashes

अक्सर लोग किसी एक खाने की चीज, ठंडी हवा या किसी क्रीम को दोषी मानकर खुद ही अपने स्तर पर परहेज करने लगते हैं या मेडिकल स्टोर से उठाकर कोई भी स्टेरॉयड या एंटीएलर्जी दवा खाने लगते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि खुद ही दवा छोड़ देना या बिना डॉक्टर की सलाह के मनमाने तरीके से दवाइयां बदलना खतरनाक हो सकता है। ऐसा करने से बीमारी कुछ समय के लिए दब सकती है, लेकिन जब यह लौटकर आती है तो और भी आक्रामक रूप ले लेती है।

ये असर भी पड़ता है

  • क्रोनिक स्पॉन्टेनियस अर्टिकेरिया का असर केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है।
  • जब किसी व्यक्ति के चेहरे, गर्दन या हाथों पर बार-बार लाल चकत्ते और सूजन दिखाई देती है, तो वह समाज के बीच जाने से कतराने लगता है।
  • लोगों के सामने उठने-बैठने में झिझक होने लगती है और मन में यह निरंतर चिंता बनी रहती है कि न जाने कब अचानक फिर से खुजली शुरू हो जाएगी।
  • लंबे समय तक इस स्थिति से जूझने के कारण लोग हीन भावना और गंभीर मानसिक तनाव का शिकार होने लगते हैं।
  • चिकित्सकों की सलाह है कि शर्म, डर या असहजता के कारण अपने इलाज को कभी न टालें। यह कोई छुपाने वाली या शर्मनाक बीमारी नहीं है, बल्कि एक मेडिकल कंडिशन है जिसका आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में प्रभावी इलाज उपलब्ध है।

ऐसे पाएं बीमारी पर काबू

यदि आप या आपके परिवार में कोई भी व्यक्ति पिछले 6 हफ्तों से ज्यादा समय से इस प्रकार की रहस्यमयी खुजली, चकत्तों या सूजन से परेशान है, तो तुरंत किसी योग्य त्वचा रोग विशेषज्ञ  या एलर्जी विशेषज्ञ से संपर्क करें।

आज के समय में मेडिकल साइंस में आधुनिक एंटीहिस्टामाइन दवाइयां और इम्युनोथेरेपी जैसी कई उन्नत उपचार पद्धतियां उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से इस बीमारी के लक्षणों को पूरी तरह काबू में रखा जा सकता है। समय पर सही निदान और डॉक्टर के मार्गदर्शन में लिया गया नियमित इलाज आपको इस कष्टदायक बीमारी से राहत दिला सकता है और आपकी सामान्य जीवनशैली को वापस लौटा सकता है। अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहें, समय पर जांच कराएं और स्वस्थ जीवन जिएं।

 

इसे भी पढ़ें- टॉयलेट में खून आना बवासीर ही नहीं, इस गंभीर बीमारी का भी हो सकता है संकेत

Related Articles

Back to top button