सुबह आंखें भारी और सूजी हुई? कहीं किसी बड़ी बीमारी का संकेत तो नहीं

सुबह नींद से जागने के बाद अगर आपकी आंखों में बार-बार भारीपन, थकान या हल्की सूजन महसूस होती है, तो इसे सिर्फ सामान्य कान मानकर टाल देना भारी पड़ सकता है। डिजिटल दौर की बिगड़ी जीवनशैली से लेकर शरीर के भीतर पनप रही कुछ बीमारियों तक, इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि, कभी-कभी सुबह की यह परेशानी किसी बड़ी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकती है, इसलिए इसकी सही वजह जानना जरूरी है।

इसे भी पढ़ें- मोबाइल की लत से सूख रही हैं आपकी आंखें! ये हैं ड्राई आई सिंड्रोम के लक्षण और बचाव

देर रात तक स्क्रीन का साथ

आज के समय में देर रात तक स्मार्टफोन, लैपटॉप या टीवी देखने की आदत आम हो चुकी है। इन गैजेट्स से निकलने वाली ब्लू लाइट आंखों की फोकस करने वाली मांसपेशियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालती है। स्क्रीन देखने के तुरंत बाद सो जाने पर आंखों को पूरा आराम नहीं मिल पाता। इसके अलावा 7 से 9 घंटे की गहरी नींद न लेने से पलकें भारी हो जाती हैं और सुबह उठने पर आंखों में जलन और खिंचाव महसूस होता है।

आंखों का सूखापन

जब आंखें पर्याप्त मात्रा में आंसू नहीं बना पातीं या आंसू बहुत जल्दी सूख जाते हैं, तो इस स्थिति को ड्राई आई डिजीज कहा जाता है। अगर रात में सोते समय पलकें पूरी तरह बंद न हों या कमरे की हवा ठंडी और शुष्क हो, तो सूखापन और बढ़ जाता है।

Eye Health

नतीजा यह होता है कि सुबह उठते ही आंखों में किरकिरापन, हल्की चुभन और भारीपन का अहसास होता है। लगातार स्क्रीन पर काम करने वालों में ड्राई आई की शिकायत सबसे ज्यादा देखी जाती है।

ब्लेफेराइटिस और एलर्जी

सुबह उठने पर अगर भारीपन के साथ पलकों के किनारों पर पपड़ी जमी दिखे, तो यह ब्लेफेराइटिस का लक्षण हो सकता है। यह पलकों की तेल ग्रंथियों में रुकावट या बैक्टीरिया के कारण होने वाली सूजन है। इसके अलावा बिस्तर और तकिए में मौजूद धूल-मिट्टी या पालतू जानवरों के बालों व रूसी से होने वाली एलर्जी भी रातभर आंखों के आसपास तरल पदार्थ का जमाव बढ़ा देती है। इससे सुबह आंखें सूजी हुई और भारी लगती हैं।

किडनी और थायराइड से जुड़ा संकेत

अगर जीवनशैली सुधारने और पूरी नींद लेने के बावजूद यह समस्या बनी रहे, तो यह किसी गंभीर बीमारी का शुरुआती लक्षण हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के शुरुआती घंटों में आंखों के नीचे लगातार सूजन और भारीपन गुर्दे पर अत्यधिक दबाव या थायराइड के असंतुलन की ओर इशारा कर सकता है। जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो वह शरीर के अपशिष्ट तरल को बाहर नहीं निकाल पाती और इसका असर सबसे पहले आंखों के आसपास दिखाई देता है।

सिर्फ आंखों तक सीमित नहीं रहते संकेत

चिकित्सकों का कहना है कि, अगर आंखों की सूजन के साथ पैरों में सूजन, पेशाब में झाग, बहुत ज्यादा थकान, वजन में अचानक बदलाव या ठंड ज्यादा लगना जैसे लक्षण भी दिखें, तो देर नहीं करनी चाहिए। ऐसे मामलों में खून और पेशाब की जांच के जरिए किडनी और थायराइड की स्थिति जानी जा सकती है। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि हर बार आंखों का भारीपन गंभीर बीमारी की निशानी नहीं होता। ज्यादातर मामलों में यह नींद की कमी या स्क्रीन के अधिक इस्तेमाल से जुड़ा होता है, फिर भी लगातार बने रहने पर जांच कराना समझदारी है।

बचाव के लिए क्या करें?

इस परेशानी से राहत पाने के लिए सुबह उठकर आंखों पर ठंडे पानी के छींटे मारें या आइस कंप्रेस करें। रात को सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दें। दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं और नमक का सेवन सीमित रखें, क्योंकि ज्यादा नमक शरीर में पानी रोकता है और सूजन बढ़ा सकता है।

रोजमर्रा की आदतों में करें ये बदलाव

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि, दिन में स्क्रीन पर काम करते समय हर 20 मिनट बाद कुछ सेकंड के लिए दूर की किसी चीज को देखें। बीच-बीच में पलकें झपकाते रहें, ताकि आंखों में नमी बनी रहे। बिस्तर की चादर और तकिए के कवर को नियमित रूप से धोएं, जिससे धूल और एलर्जी पैदा करने वाले कण जमा न हों। बहुत ठंडी हवा सीधे चेहरे पर लगने से बचें और कमरे में हवा बेहद सूखी हो तो उसकी नमी का ध्यान रखें।

कब जरूर दिखाएं डॉक्टर को

अगर आंखों में भारीपन के साथ धुंधलापन या तेज दर्द बना रहे, तो खुद से कोई आई ड्रॉप डालने के बजाय तुरंत किसी नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें और जांच करवाएं। बिना सलाह के दवा या ड्रॉप का इस्तेमाल कई बार समस्या को और बढ़ा सकता है। आंखों में लालिमा, पानी या गाढ़ा स्राव, रोशनी से चुभन या देखने में अचानक कमी जैसे लक्षण दिखें, तो इलाज में देरी बिल्कुल न करें।

समय पर सतर्कता ही बचाव

कुल मिलाकर, सुबह आंखों में भारीपन अक्सर लाइफस्टाइल से जुड़ी गड़बड़ी का नतीजा होता है, लेकिन इसे लगातार नजरअंदाज करना ठीक नहीं। नींद पूरी करना, स्क्रीन टाइम घटाना और खानपान का ध्यान रखना शुरुआती और सबसे आसान उपाय हैं। इसके बावजूद राहत न मिले, तो समय रहते विशेषज्ञ की सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है।

 

इसे भी पढ़ें- इस एक गलती ने ले ली थी दिग्गज भारतीय क्रिकेटर की जान, आज भी आंखें नम कर देता है वो दर्दनाक पल

Related Articles

Back to top button