बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस वर्ष होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों की मेजबानी की औपचारिक अनुमति दे दी है।
इस फैसले के साथ ही स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर लंबे समय से जारी अनिश्चितता समाप्त हो गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद आयोजित समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी।
आईपीएल का आगाज 28 मार्च से होगा, जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। यह मुकाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
यह निर्णय कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति, केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया।
केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने बयान में कहा कि विशेषज्ञ समिति ने स्टेडियम में की गई तैयारियों और सुरक्षा उपायों पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके आधार पर गृहमंत्री ने आईपीएल मैचों के आयोजन को मंजूरी प्रदान की। इससे पहले आरसीबी ने घोषणा की थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच बेंगलुरु में और दो रायपुर में खेलेगी।



