
राशिफल 20 अप्रैल 2026: आज वैशाख मास की तृतीया तिथि है। आज सर्वार्थ सिद्धि, अमृत सिद्धि और रवि योग साथ मिलाकर बेहद शुभ संयोग बना रहे हैं। सोमवार से शुरू हो रहे इस नए सप्ताह में ग्रहों की चाल कई राशियों की किस्मत पलटने वाली है। आज चंद्रमा दोपहर तक मेष राशि में रहेंगे और उसके बाद वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे कई जातकों के अटके हुए कार्य पूर्ण होंगे और करियर-व्यापार में तरक्की के द्वार खुलेंगे। आर्थिक मोर्चे पर जहां कुछ लोगों को बड़ा मुनाफा होगा। वहीं, कुछ राशियों को आज चुनौतियों और उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि सितारों की यह बदलती स्थिति आज आपके जीवन, स्वास्थ्य और धन पर क्या प्रभाव डालने वाली है।
इसे भी पढ़ें- राशिफल 18 अप्रैल 2026: मेष राशि में सूर्य-चंद्र की युति से बना शुभ योग, इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन भाग्य के द्वार खोलने वाला साबित होगा। सितारों की स्थिति संकेत दे रही है कि, यदि आप कुछ जटिल कार्यों को समय की गति पर छोड़ देंगे, तो वे अपने आप सुलझ जाएंगे। आय के नए स्रोत विकसित होने की प्रबल संभावना है, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। हालांकि, आपको अपने भीतर के उत्साह को नियंत्रण में रखना होगा, क्योंकि अति-उत्साह में की गई जल्दबाजी आपके बनते हुए सरकारी कामों में अड़ंगा डाल सकती है।
वृषभ
वृषभ राशि वालों के लिए आज ऊर्जा का स्तर सातवें आसमान पर रहने वाला है। दोपहर के बाद चंद्रमा का आपकी ही राशि में प्रवेश आपके व्यक्तित्व में एक अलग ही निखार लाएगा, जिससे कार्यस्थल पर लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे। पारिवारिक मोर्चे पर, माता के साथ आपके संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे और उनकी सलाह से आपको किसी बड़े निवेश में लाभ मिल सकता है। घर में किसी नए मेहमान के आगमन की दस्तक या कोई बड़ी खुशखबरी आपके मानसिक तनाव को पूरी तरह समाप्त कर देगी।
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों को आज कदम-कदम पर सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यापारिक क्षेत्र में छोटी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ने की आशंका है, इसलिए किसी भी दस्तावेज पर बिना पढ़े हस्ताक्षर न करें। राहत की बात यह है कि संतान पक्ष की ओर से कोई बड़ी शैक्षणिक या करियर संबंधी सफलता आपको गौरवान्वित करेगी। आज आपको अपने आसपास के लोगों, विशेषकर सहकर्मियों पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए।
कर्क
कर्क राशि वालों के लिए 20 अप्रैल का सूरज खुशियों की नई किरण लेकर आएगा। पिछले कई दिनों से संतान के भविष्य को लेकर जो चिंताएं आपको सता रही थीं, उनका समाधान आज मिल जाएगा। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा और संभव है कि आप शाम को किसी भव्य पार्टी या गेट-टुगेदर का हिस्सा बनें। ऑफिस के वातावरण में भी सुधार होगा और आपके प्रबंधन कौशल को देखते हुए उच्च अधिकारी आपको कोई सरप्राइज गिफ्ट या विशेष सम्मान प्रदान कर सकते हैं।
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन परिवर्तनकारी सिद्ध होने वाला है। यदि आप नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं, तो आज आपको किसी बड़ी कंपनी से आकर्षक प्रस्ताव मिल सकता है जो आपके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। व्यापार में विस्तार के लिए भी दिन अनुकूल है, लेकिन आपको बाजार से उधार लेने की प्रवृत्ति पर लगाम लगानी होगी। विरोधियों की सक्रियता बढ़ सकती है, इसलिए उनकी बातों में आकर कोई भी भावनात्मक फैसला न लें।
कन्या
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन चुनौतियों और अवसरों का मिला-जुला मिश्रण रहेगा। पैतृक संपत्ति या वसीयत से जुड़े मामलों में आपको अप्रत्याशित लाभ होने की संभावना है, जिससे आपकी वित्तीय स्थिति सुधरेगी। हालांकि, समाज में बढ़ती आपकी लोकप्रियता कुछ नए शत्रु भी पैदा कर सकती है, जिनसे आपको सतर्क रहना होगा। आज आपको यह समझना होगा कि दूसरों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता आपके निजी हितों को नुकसान पहुंचा सकती है।
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए आज का दिन काफी संभलकर चलने का है। बिजनेस सेक्टर में आपके कुछ छिपे हुए दुश्मन सक्रिय हो सकते हैं, जो आपकी छवि खराब करने की कोशिश करेंगे, अतः अपने कार्यों की गोपनीयता बनाए रखें। ऑफिस में काम का बोझ बढ़ सकता है, जिससे आप शारीरिक थकान महसूस करेंगे। आज किसी भी तरह के सट्टेबाजी या जोखिम भरे निवेश से पूरी तरह दूर रहें, वरना बड़ा नुकसान हो सकता है।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के नौकरीपेशा जातकों के लिए आज का दिन उपलब्धियों भरा रहने वाला है। आपकी मेहनत और समर्पण को देखते हुए संस्थान आपको पदोन्नति या वेतन वृद्धि की खुशखबरी दे सकता है। आर्थिक लेन-देन के मामलों में आपको पारदर्शिता बरतनी चाहिए और बिना सोचे-समझे किसी की गारंटी नहीं लेनी चाहिए। टीम वर्क के साथ किए गए कार्यों में आपको बेहतरीन परिणाम मिलेंगे, लेकिन ध्यान रहे कि दूसरों के निजी विवादों में पंच बनने की कोशिश न करें।
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन विशेष फलदायी रहने वाला है। बैंकिंग, फाइनेंस और आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सितारों की स्थिति अत्यंत अनुकूल है। आज कोई बड़ा प्रोजेक्ट उनके हाथ लग सकता है। काफी समय से लंबित पड़े आपके सरकारी या कानूनी काम गति पकड़ेंगे और पूरे होने की कगार पर पहुंचेंगे। पुराने कर्ज या देनदारियों से मुक्ति मिलने के रास्ते खुलेंगे, जिससे आप राहत की सांस लेंगे।
मकर
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन जीवन में संतुलन साधने का है। वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहेगी और आप अपने जीवनसाथी के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। आर्थिक मोर्चे पर आपको थोड़ा सख्त होना पड़ेगा। फिजूलखर्ची आपके बजट को बिगाड़ सकती है, जिसका असर आपकी किसी बड़ी प्रॉपर्टी डील पर पड़ सकता है। यदि आप व्यापार में किसी नई पार्टनरशिप का विचार कर रहे हैं, तो आज का दिन कागजी कार्रवाई शुरू करने के लिए अच्छा है।
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन मिश्रित परिणाम लेकर आ रहा है। आप अपनी सूझबूझ से उन पुरानी समस्याओं का हल निकालने में सफल रहेंगे जो पिछले कई महीनों से आपके सिर का दर्द बनी हुई थीं। बिजनेस में अभी किसी भी तरह के बड़े प्रयोग या बदलाव से बचें, क्योंकि समय इसके पक्ष में नहीं है। आय बढ़ाने के लिए आपको पारंपरिक तरीकों के बजाय आधुनिक तकनीकों और डिजिटल माध्यमों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन उन्नति के नए मार्ग प्रशस्त करेगा। आपको अपने भाई-बहनों और परिवार के वरिष्ठ सदस्यों का भरपूर सहयोग मिलेगा, जिससे आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। यदि आप विद्यार्थी हैं, तो शिक्षा के क्षेत्र में आ रही बाधाएं किसी गुरु या मार्गदर्शक की मदद से दूर हो जाएंगी। यात्रा के दौरान आपको ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है जो आपके भविष्य के करियर को नई दिशा देगी।
इसे भी पढ़ें-राशिफल 17 अप्रैल 2026: मिथुन, सिंह और धनु राशि वालों को मिलेगा बड़ा आर्थिक लाभ, जानें अपनी राशि का हाल



