यूपी में मौसम का यू-टर्न: अगले 3 दिन जमकर बरसेंगे बादल, लखनऊ से नोएडा तक धूल भरी आंधी का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मार्च महीने से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे, लेकिन अब अप्रैल में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। महीने के पहले दिन से ही प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में कहीं चिलचिलाती धूप, तो कहीं बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है।

इसे भी पढ़ें- बेमौसम बारिश से किसान बेहाल, सीएम बोले- खेत-खेत जाकर सर्वे करें किसान, लापरवाही की तो खैर नहीं

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में एक नया और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका व्यापक असर आज यानी 3 अप्रैल शुक्रवार से ही दिखाई देना शुरू हो जाएगा।

गिरेगा तापमान

इस मौसमी बदलाव के चलते आने वाले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि, इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को पिछले कुछ दिनों से सता रही हीटवेव जैसी स्थिति से निजात मिलेगी।

UP Weather

आईएमडी उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों, विशेषकर उत्तर प्रदेश के पश्चिमी संभाग में आज से ही प्रभावी हो गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूल भरी आंधी चलने और बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से 4 और 5 अप्रैल को पूरे प्रदेश के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग का कहना है कि यह विक्षोभ काफी गहरा है, जिसके कारण प्रदेश के दोनों पूर्वी और पश्चिमी संभागों में मध्यम से  लेकर तेज बारिश होगी। कुछ तराई वाले इलाकों और पश्चिमी यूपी के जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, लेकिन आम जनता के लिए यह गर्मी से बड़ी राहत लेकर आएगा।

काले बादलों ने आसमान ने डाला डेरा

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह तड़के आसमान में काले बादलों का डेरा जमा दिखा, जिससे धूप की तपिश कम रही। शहर के कुछ हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी की खबरें भी आई हैं। हालांकि, दोपहर के समय बादलों के बीच से सूरज की लुका-छिपी जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे उमस बढ़ सकती है।

वहीं, अगर पूर्वांचल के प्रमुख शहरों जैसे प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या की बात करें, तो यहां फिलहाल बादलों की आंशिक मौजूदगी तो है, लेकिन शुक्रवार को बारिश की संभावना कम जताई गई है। इन जिलों में आज भी तीखी धूप लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि, शनिवार और रविवार को पूर्वांचल के इन जिलों में भी मौसम पूरी तरह पलट जाएगा और यहां भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने के प्रबल आसार हैं।

दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों, विशेषकर नोएडा और गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह से ही घने काले बादलों ने आसमान को घेर लिया है। यहां सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग ने इन दोनों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज नोएडा और गाजियाबाद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

हो सकती है ओलावृष्टि

तापमान की बात करें तो नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आने वाले दो दिनों में यहां पारा गिरकर 30 डिग्री से नीचे जा सकता है, जो अप्रैल के महीने में एक असामान्य लेकिन सुखद बदलाव होगा।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य संभाग के लगभग 17 जिलों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, जिन जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है, उनमें नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, हापुड़, अमरोहा, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, झांसी, महोबा और ललितपुर शामिल हैं।

UP Weather

इन जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने या बिजली के खंभे उखड़ने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रख लें, क्योंकि ओलावृष्टि की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, जहां फिलहाल मौसम साफ है, वहां अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके बाद, जैसे ही विक्षोभ का असर पूरे प्रदेश पर पड़ेगा, वैसे ही अगले 3 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।

सेहत का ख्याल रखने की सलाह

तापमान में यह अचानक गिरावट स्वास्थ्य के लिहाज से भी संवेदनशील हो सकती है, इसलिए डॉक्टरों ने सलाह दी है कि ठंडे-गर्म के इस मेल में लोग अपनी सेहत का ख्याल रखें। कुल मिलाकर, यह सप्ताहांत उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए ‘ठंडा’ रहने वाला है, जो तपती गर्मी के बीच एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

 

इसे भी पढ़ें- मौसम बदलते ही एक्टिव हुआ HMPV वायरस, जानें-लक्षण, इलाज और बचाव

Related Articles

Back to top button