
क्रिकेट की दुनिया में कभी एक चमकते सितारे के रूप में पहचाने जाने वाले तेज गेंदबाज एरॉन समर्स का करियर अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से एक समय बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाने वाला यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर अब एक गंभीर आपराधिक मामले में दोषी करार दिया गया है। अदालत में उन्होंने खुद अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उनके क्रिकेट करियर पर पूरी तरह विराम लग गया है।
इसे भी पढ़ें- इस एक गलती ने ले ली थी दिग्गज भारतीय क्रिकेटर की जान, आज भी आंखें नम कर देता है वो दर्दनाक पल
30 वर्षीय एरॉन समर्स को उनकी तेज गेंदबाजी की वजह से ऑस्ट्रेलिया के सबसे होनहार और प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों में गिना जाता था। हालांकि, कुछ साल पहले सामने आए एक गंभीर मामले ने उनके पूरे करियर और छवि को तबाह कर दिया है।
2018 में सामने आया था मामला
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, यह मामला वर्ष 2018 में सामने आया था। एरॉन समर्स पर आरोप था कि, उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से एक नाबालिग से संपर्क स्थापित किया और उसका यौन शोषण किया। जून महीने के आखिरी सप्ताह में समर्स ने अदालत के समक्ष इस मामले से जुड़े तीन गंभीर आरोपों को स्वीकार कर लिया।

इनमें नाबालिग के साथ यौन शोषण से जुड़े दो अलग-अलग आरोप शामिल थे, साथ ही अनुचित सामग्री दिखाने के इरादे से नाबालिग को प्रभावित करने (ग्रूमिंग) का एक और गंभीर आरोप भी था। आरोप स्वीकार किए जाने के बाद से क्रिकेट जगत में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है, और उनके पूर्व साथियों तथा प्रशंसकों में भी गहरी निराशा देखी जा रही है।
अगस्त में सुनाया जायेगा अंतिम फैसला
तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट में इस केस की सुनवाई पूरी हो चुकी है और अब अदालत अगस्त महीने में अपना अंतिम फैसला सुनाएगी। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, चूंकि समर्स ने खुद अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, ऐसे में उन्हें लंबे समय तक जेल में रहने की सजा सुनाए जाने की प्रबल संभावना है। अदालत अगले कुछ हफ्तों में सजा से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार करेगी, जिसमें आरोपों की गंभीरता के साथ-साथ बचाव पक्ष की दलीलों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
बचाव पक्ष ने दी मानसिक स्थिति की दलील
अदालती सुनवाई के दौरान समर्स के वकील ने बचाव में एक दलील पेश करते हुए कहा कि घटना के समय उनका मुवक्किल एक कठिन मानसिक दौर से गुजर रहा था। वकील ने अदालत को बताया कि, उस दौरान समर्स ज्यादातर समय अकेले रहते थे और अपना अधिकांश समय सोशल मीडिया पर बिताते थे, जिसकी वजह से वह इस स्थिति में पहुंचे।
वकील ने अदालत से नरमी बरतने की अपील करते हुए कहा कि, यह घटना उनके मुवक्किल के जीवन से कभी मिट नहीं पाएगी, लेकिन उन्हें आगे बढ़कर अपनी जिंदगी को सुधारने का एक अवसर जरूर मिलना चाहिए। हालांकि, अदालत में यह भी स्पष्ट किया गया कि अंतिम फैसला मामले की गंभीरता और तथ्यों के आधार पर ही लिया जाएगा।
इससे पहले भी लग चुके हैं आरोप
इस पूरे प्रकरण में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि, एरॉन समर्स के लिए यह कोई पहला आपराधिक मामला नहीं है। इससे पहले भी वर्ष 2021 में उन्होंने एक अलग मामले में दोष स्वीकार किया था, जो नाबालिग के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को अपने पास रखने और उसे साझा करने से संबंधित था। यानी यह दूसरा मौका है जब समर्स इस तरह के गंभीर आरोपों में दोषी पाए गए हैं।

बार-बार सामने आ रहे इन मामलों ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि, क्या 2021 के मामले के बाद उचित निगरानी और कार्रवाई नहीं हो पाई, जिसके चलते यह दूसरी घटना सामने आई। कानूनी जानकारों का कहना है कि, अदालत सजा तय करते समय समर्स के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को भी गंभीरता से ध्यान में रखेगी, जो कि उनके खिलाफ जा सकता है।
क्रिकेट जगत के लिए बड़ा झटका
एरॉन समर्स का यह मामला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। एक ऐसा खिलाड़ी जिससे भविष्य में राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने की उम्मीदें जताई जा रही थीं, अब पूरी तरह से खेल जगत से बाहर होता दिख रहा है। क्रिकेट अकादमियों और संबंधित क्रिकेट बोर्डों ने भी इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अदालत के अंतिम फैसले के बाद संबंधित क्रिकेट संस्थाएं भी अपनी प्रतिक्रिया देंगी।
इसे भी पढ़ें- यूपी में पैठ बना रहा जियो भारत, लाइव क्रिकेट और फ्री साउंड बॉक्स फीचर की वजह से बना पहली पसंद



