ड्रीम डेस्टिनेशन यूपी: योगी सरकार की नीति से ‘टॉय पार्क’ निर्माण में आई तेजी, 143 भूखंड आवंटित

  • योगी सरकार की औद्योगिक नीति से बढ़ा निवेशकों का भरोसा
  • कई परियोजनाओं ने पकड़ी रफ़्तार 
  • यीडा के औद्योगिक सेक्टर-33 में विकसित हो रहा  ‘टॉय पार्क’
  • 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत, कुछ इकाइयों में निर्माण कार्य भी शुरू

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास नीति अब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र में साफ दिखने लगी है। ‘ड्रीम डेस्टिनेशन यूपी’ के रूप में उभरते उत्तर प्रदेश में निवेशकों का भरोसा भी तेजी से बढने लगा है। नतीजतन कई परियोजनाओं का निर्माण भी तेजी से होने लगा है। खास कर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-33 में विकसित हो रहे ‘टॉय पार्क’ में निवेश और निर्माण दोनों स्तर पर रफ्तार में तेजी देखने को मिल रही है।

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, खत्म होगी DIOS की मनमानी, छुट्टी के दिन नहीं बुला सकेंगे शिक्षकों को

चीन को देगा कड़ी टक्कर

ToyHubUP

उत्तर प्रदेश का ये टॉय पार्क खिलौना निर्माण के क्षेत्र में चीन को कड़ी टक्कर देने और भारत को वैश्विक हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। YEIDA द्वारा टॉय पार्क के लिए आरक्षित 100 एकड़ भूमि पर कुल 154 औद्योगिक भूखंड नियोजित किए गए हैं। इनमें से अब तक 143 भूखंडों का आवंटन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। यह आंकड़ा निवेशकों के बढ़ते विश्वास को साफ दर्शाता है, क्योंकि योगी सरकार की नीतियां, जैसे ‘आसान आवंटन प्रक्रिया, सब्सिडी, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ ने यूपी को निवेश के लिए आकर्षक बनाया है।

बता दें कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार का फ़ोकस साफ़ है कि इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा किया जाए, न कि उन्हें सिर्फ़ मंज़ूरी तक सीमित रखा जाए। यमुना एक्सप्रेसवे पर बन रहा टॉय पार्क इसी सोच का एक उदाहरण बन रहा है। ट्रांसपेरेंट अलॉटमेंट, तेज़ लीज़िंग प्रोसेस और कंस्ट्रक्शन एक्टिविटीज़ की वजह से, उत्तर प्रदेश देश के एक बड़े इंडस्ट्रियल हब के तौर पर अपनी मज़बूत पहचान बना रहा है।

जारी हुई चेक लिस्ट

यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) की  ताजा प्रगति रिपोर्ट पर नजर डालें तो टॉय पार्क के तहत अलॉट किए गए 143 प्लॉट में से 124 निवेशकों ने लीज़ प्लान जमा कर दिए हैं, जबकि 19 मामलों में लीज़ प्लान अभी मिलने बाकी हैं। इन इन्वेस्टर्स को एक महीने के अंदर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा गया है। अब तक 120  आवंटियों को चेकलिस्ट जारी कर दी गई है और 4 मामलों में चेकलिस्ट जारी करने का प्रक्रिया चल रही है।

भूमि हस्तांतरण के स्तर पर भी टॉय पार्क परियोजना ने ठोस रफ्तार पकड़ी है। अब तक 108 निवेशकों के पक्ष में लीज डीड का निष्पादन पूरा किया जा चुका है, जबकि 76 निवेशकों को विधिवत पजेशन भी प्रदान कर दिया गया है। इसके साथ ही परियोजना अब केवल फाइलों में नहीं, बल्कि जमीनी निर्माण की दिशा में आगे बढ़ चुकी है।

निर्माण कार्य भी प्रगति पर

निर्माण गतिविधियों की बात करें तो 15 निवेशकों के भवन मानचित्र स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 4 औद्योगिक इकाइयों में निर्माण कार्य की शुरुआत भी हो गई है। इसे टॉय पार्क के वास्तविक रूप लेने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। योगी सरकार का जोर है कि आवंटन के साथ-साथ परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें, जिससे रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

7 भूखंडों के अधिग्रहण की कार्रवाई जारी

ToyHubUP

प्राधिकरण के अनुसार, टॉय पार्क के दूसरे चरण के अंतर्गत कुल 11 भूखंडों में से 4 भूखंडों की भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जिन्हें नई योजना के तहत प्रकाशित किया गया है। शेष 7 भूखंड, जिनका कुल क्षेत्रफल 6.71 एकड़ है, अभी आवंटन से शेष हैं। इन भूखंडों के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि जल्द से जल्द इन्हें भी निवेशकों के लिए उपलब्ध कराया जा सके।

औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित करने की योजना

टॉय पार्क के अंतर्गत खिलौना उद्योग से जुड़ी विनिर्माण इकाइयों की स्थापना का प्रस्ताव है, जिसमें प्लास्टिक, लकड़ी, फैब्रिक, धातु एवं इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों के निर्माण से संबंधित गतिविधियां शामिल होंगी। योजना के तहत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, डिजाइन, पैकेजिंग, टेस्टिंग, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ा आधारभूत ढांचा विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही एमएसएमई और स्टार्टअप्स को औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन की दिशा में भी व्यवस्था किए जाने की परिकल्पना की गई है, जिससे यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को खिलौना उद्योग के एक संगठित औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

इसे भी पढ़ें- यूपी बजट 2026: 11 फरवरी को बजट पेश करेगी योगी सरकार, हो सकते हैं बड़े ऐलान

Related Articles

Back to top button