बांग्लादेश में आईपीएल 2026 प्रसारण का रास्ता साफ… नई सरकार ने हटाई पाबंदी

एसोसिएशन के अनुसार, पिछली अंतरिम सरकार के आदेश अब प्रभावी नहीं हैं और वे स्टार स्पोर्ट्स या किसी भी अन्य अधिकृत चैनल को आईपीएल दिखाने से नहीं रोकेंगे।

ढाका। बांग्लादेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। देश की नई सरकार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के प्रसारण पर लगी पाबंदी को हटाने का संकेत दे दिया है। सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने स्पष्ट किया है कि आगामी आईपीएल के टेलीकास्ट पर अब कोई रोक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार खेल के साथ राजनीति को नहीं मिलाना चाहती और इस मुद्दे को पूरी तरह से व्यावसायिक दृष्टिकोण से देखा जाएगा। यदि कोई स्थानीय चैनल या स्टार स्पोर्ट्स आईपीएल के प्रसारण के लिए आवेदन करता है, तो सरकार उस पर सकारात्मक विचार करेगी।

इससे पहले, प्रोफेसर यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि, सत्ता परिवर्तन के बाद खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने भी इस प्रतिबंध की समीक्षा करने की बात कही थी। केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश ने भी पुष्टि की है कि उन्हें वर्तमान सरकार से प्रसारण रोकने के लिए कोई निर्देश नहीं मिले हैं। एसोसिएशन के अनुसार, पिछली अंतरिम सरकार के आदेश अब प्रभावी नहीं हैं और वे स्टार स्पोर्ट्स या किसी भी अन्य अधिकृत चैनल को आईपीएल दिखाने से नहीं रोकेंगे।

सरकार के इस कदम को खेल कूटनीति और राजस्व की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। सूचना मंत्री ने दोहराया कि वे किसी भी चैनल को प्रसारण के लिए मजबूर नहीं करेंगे, लेकिन जो भी व्यावसायिक रूप से आगे आना चाहता है, उसके लिए दरवाजे खुले हैं। इस फैसले से न केवल बांग्लादेश के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह है, बल्कि विज्ञापनदाताओं और ब्रॉडकास्टर्स के लिए भी एक बड़ा बाजार फिर से खुल गया है।

Related Articles

Back to top button