\n\n\n\n\n \n

रिजर्व पुलिस लाइंस में झांकी दर्शन करेंगे सीएम योगी, जानें कहां-कहां रहेगा रूट डायवर्जन

 लखनऊ। आज देश भर में भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी इस पावन पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। शहर के रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह पर्व अत्यंत भव्यता और गहरी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पुलिस विभाग ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के इस धार्मिक उत्सव का आनंद ले सकें।

इसे भी पढ़ें- लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर लखनऊ हल्ला बोल, डिप्टी सीएम आवास घेरने पहुंचे युवा

सीएम योगी करेंगे झांकी दर्शन

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के इस खास अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ी भव्य झांकी दर्शन का आयोजन किया गया है। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए लखनऊ पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि, मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे परिसर में स्थित मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी का दर्शन-पूजन करेंगे।

Lucknow Janmashtami

पुलिस आयुक्त के अनुसार, मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान पुलिस लाइन परिसर में भक्तिमय और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भी शामिल होकर इनका आनंद लेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

सीएम के दौरे और वीवीआईपी मूवमेंट के साथ ही इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने आज दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यातायात पुलिस का मकसद है कि, आम जनता को कम से कम असुविधा हो और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।

इस मार्गों पर नहीं जा सकेंगे वाहन

यातायात पुलिस द्वारा जारी की गई लिस्ट के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से लेकर जब तक कार्यक्रम समाप्त नहीं होता तब तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

हनुमान सेतु मंदिर तिराहे से रिजर्व पुलिस लाइंस और आईटी चौराहे की ओर जाने वाला सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को नदवा बंधा मोड़ से डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह आईटी चौराहे से रिजर्व पुलिस लाइंस और हनुमान सेतु मंदिर तिराहे की ओर भी सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इन वाहनों को डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा या फिर निशातगंज मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा, निशातगंज ओवरब्रिज ढाल से आईटी चौराहे की तरफ भी सामान्य वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस मार्ग का यातायात आंतरिक लेखा निदेशालय और हैदरगंज चौकी होते हुए निकाला जाएगा। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, वे इन वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि, इस डायवर्जन व्यवस्था के दौरान आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस पाबंदी से छूट मिलेगी। इसमें चिकित्सकीय आपात स्थिति से जुड़े वाहन, एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस के वाहन और स्कूली वाहन शामिल हैं। यदि इन वाहनों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होगा, तो उन्हें प्रतिबंधित मार्गों से भी सकुशल निकालने की व्यवस्था की जाएगी। इस कदम से यह सुनिश्चित किया गया है कि, किसी भी आपात स्थिति में जरूरी सेवाओं में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क

यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। अगर, किसी भी नागरिक को डायवर्जन व्यवस्था को लेकर कोई असुविधा होती है या किसी तरह की जानकारी चाहिए होती है, तो वे ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि, हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेगा, ताकि किसी भी नागरिक की समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। परिसर के चारों तरफ पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि श्रद्धालु आसानी से झांकी दर्शन कर सकें और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

जिले भर में उत्सव का माहौल

आपको बता दें कि, सिर्फ रिजर्व पुलिस लाइंस ही नहीं, बल्कि पूरे लखनऊ शहर में जन्माष्टमी को लेकर उत्साह का माहौल है। शहर के विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहरवासियों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और लोग बड़ी संख्या में मंदिरों में झांकी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

 

इसे भी पढ़ें-LDA का बड़ा एक्शन: लखनऊ की इतनी अवैध इमारतों की उलटी गिनती शुरू, चलेगा बुलडोजर

Related Articles

Back to top button