
लखनऊ,सरकारी मंथन संवाददाता। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में नववर्ष के तीसरे दिन भी पहले दिन जैसी ही ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर नए साल की बधाई दी और पुष्पगुच्छ व बुके भेंट किए। अखिलेश यादव ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग त्रस्त है। हर विभाग में लूट मची है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार फैला हुआ है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को भाजपा सरकार ने पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। भाजपा जनता को लगातार धोखा दे रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है और दुग्ध उत्पादकों को दूध का उचित दाम नहीं मिल पा रहा। बिचौलिए मुनाफा कमा रहे हैं और मुनाफाखोरों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी नेता और कार्यकर्ता आपस में मिलजुलकर काम करें, जनता के बीच रहें और भाजपा सरकार की नाकामियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और बजट को लेकर जनता को गुमराह किया जाएगा, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और इस नफरत की राजनीति को हराना जरूरी है। 2026 में मेहनत करने से ही 2027 में सफलता मिलेगी। भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाएगी और मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर नए मंत्री बनाकर जनता को धोखा देगी। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सावधानी और समझदारी के साथ राजनीति करनी होगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग का सम्मान होगा, प्रदेश का विकास होगा और किसानों व गांवों को खुशहाल बनाने के लिए ठोस फैसले लिए जाएंगे। नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा, महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी और अन्याय व अत्याचार पर प्रभावी रोक लगेगी।
इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक फरीद किदवई, विधायक अनिल वर्मा, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. पाण्डेय, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, राष्ट्रीय सचिव हाजी इरफान अंसारी, व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, फिरोज खान गब्बर, तेजेन्दर सिंह विर्क, राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री रामबृक्ष सिंह यादव, पूर्व एमएलसी, राजबाला रावत, फखरूल हसन चांद, अमरजीत यादव सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।



