यूपी में सत्ता वापसी की कामना को लेकर कॉग्रेस महासचिव प्रियंका ने नंगे पैर मौन होकर लगाई कामदगिरि की परिक्रमा

भाजपा के गढ़ बन चुके बुंदेलखंड में सेंध लगाने की तैयारी में जुटी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शक्ति संवाद के बाद प्रमुख द्वार पहुंच भगवान कामतानाथ के दर्शन-पूजन किये। इसके बाद महंत मदन गोपाल दास की प्रेरणा से यूपी की सत्ता में कांग्रेस की वापसी की कामना को लेकर नंगे पैर मौन होकर कामदगिरि पर्वत की पंचकोसीय परिक्रमा लगाई। मोदी-योगी लहर में देश की राजनीति से हासिये पर जा चुकी कांग्रेस पार्टी को दोबारा मजबूती के साथ खड़ा करने में जुटी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका की नजर देश के सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में 2022 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में है।

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट से बुंदेलखडं में चुनाव प्रचार का आगाज करने वाली प्रियंका ने बुधवार शाम देश के करोड़ो हिन्दुओं के आस्था के केंद्र मनोकामनाओं के पूरक भगवान श्री कामतानाथ के दरबार में पहुंच पूजन अर्चन किया। इसके बाद कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत मदन गोपाल दास महाराज से चित्रकूट के धार्मिक और पौराणिक महात्म्य की जानकारी ली। प्रियंका से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक भगवान कामतानाथ के द्वार में मत्था टेक चुके हैं। मीडिया से बातचीत में प्रियंका ने कहा कि जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश में महिलाओं का शोषण और अत्याचार हो रहा है। ऐसे में बदलाव होना ही चाहिए और यह बदलाव तभी आएगा जब महिलायें पूरी तरह से राजनीति में आगे आएगी और भागीदार बनेगी।

सलमान खुर्शीद के बयान पर प्रियंका ने कहा कि मेरी आस्था अपनी आस्था है। इसकी परिभाषा मेरे लिए कोई और तय नहीं कर सकता। ये उनकी निजी सोच है। वही कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत मदन गोपाल दास महाराज ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को सफलता मिले इस कामना को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज भगवान कामतानाथ के दर्शन-पूजन कर कामदगिरि पर्वत की मौन होकर परिक्रमा लगाई है। भगवान श्रीराम ने वनवास काल में चित्रकूट गिरि को मनोकामनाओं का पूरक होने का वरदान दिया था। जो भी सच्चे मन और श्रद्धा से कामदगिरि की परिक्रमा करता है उनकी समस्त इच्छाएं पूर्ण होती है।

Related Articles

Back to top button