
Diwali Light Decoration 2026: दीपावली का पावन पर्व नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई और सजावट का दौर शुरू हो जाता है। रोशनी और जगमगाते दीयों के इस त्योहार में घरों को रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से सजाने का एक अलग ही क्रेज होता है। हालांकि, कई बार लोग बाजार से महंगी से महंगी लाइटें और झालरें तो खरीद लाते हैं, लेकिन उन्हें लगाने का तरीका वही पुराना और पारंपरिक ही रहता है। कोई दीवारों पर सीधी झालर टांग देता है, तो कोई खिड़कियों पर सामान्य तरीके से लाइटें लपेट देता है।
गलत तरीके से या बिना किसी पैटर्न के लगाई गई ये लाइटें कई बार घर की खूबसूरती बढ़ाने के बजाय उसका पूरा लुक बिगाड़ देती हैं। अगर आप चाहते हैं कि इस दिवाली आपके घर की सजावट सबसे अलग दिखे और मेहमान भी आपके डेकोरेशन की तारीफ किए बिना न रहें, तो लाइटिंग के पुराने तरीकों में थोड़ा बदलाव करना जरूरी है। कुछ आसान और बेहद क्रिएटिव आइडियाज अपनाकर आप साधारण झालरों से भी अपने घर को किसी महल जैसा भव्य और आकर्षक लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं घर को रोशन करने के बेहतरीन और ट्रेंडी तरीके:
यह भी पढ़ें: UP News: ‘काम हो गया है…पैसे ले लो’, एक मैसेज से हुआ बार अध्यक्ष हत्याकांड का खुलासा
दीवारों की सजावट में अपनाएं नया अंदाज (जिगजैग और वेव पैटर्न)
आमतौर पर लोग दीवारों पर झालर को बिल्कुल सीधी लाइन में लगा देते हैं, जिससे कमरा काफी साधारण और फीका नजर आने लगता है। इसकी बजाय इस बार दीवारों को सजाने के लिए क्रिएटिव तरीके अपनाएं। लाइट वाली झालर को दीवारों पर जिगजैग, वेव या लहरिया स्टाइल में सजाएं।
वहीं, दीवारों पर खूबसूरत पैटर्न तैयार करने के लिए छोटे हूप्स या ट्रांसपेरेंट डेकोरेटिव क्लिप्स का उपयोग करें। इस तरह से झालर लगाने पर दीवारों पर एक शानदार विजुअल इफेक्ट बनता है और कमरे की रौनक कई गुना बढ़ जाती है।

खिड़कियों को दें एक आकर्षक फ्रेमिंग लुक
दीपावली के मौके पर खिड़कियों की सजावट घर के बाहर से भी नजर आती है, इसलिए इसे खास बनाना बेहद जरूरी है। खिड़कियों को सजाने के लिए झालर को उसके चारों तरफ एक फ्रेम की तरह आउटर लाइन में लगाएं।
इसके अलावा, खिड़की के ऊपर से नीचे की तरफ लटकती हुई फेयरी लाइट्स (Fairly Lights) या कर्टेन लाइट्स का इस्तेमाल करें। रात के समय जब ये हल्की रोशनी बिखेरेंगी, तो पूरा कमरा प्राकृतिक और मनमोहक रोशनी से जगमगा उठेगा।
फूलों और झालरों के मेल से सजाएं मुख्य दरवाजा (एंट्रेंस)
घर का मुख्य दरवाजा (एंट्रेंस) ऐसा हिस्सा होता है, जहां सबसे पहले मेहमानों और मां लक्ष्मी की नजर पड़ती है। इसलिए इसे सबसे खास और भव्य बनाना चाहिए। मेन गेट के दोनों किनारों और ऊपरी हिस्से पर रंग-बिरंगी झालरें लगाएं। इसके साथ ही गेंदे के ताजे फूलों की लंबी लड़ियां और खूबसूरत पारंपरिक तोरण को साथ में लगाएं।
फूलों की भीनी-भीनी खुशबू और रंग-बिरंगी लाइटों का यह मेल आपके घर के एंट्रेंस को बेहद पॉजिटिव और फेस्टिव लुक देगा।

एक ही जगह न ठूंसें सारी लाइटें, करें परफेक्ट बैलेंस
अक्सर लोग जोश में आकर सभी झालरें घर के सिर्फ एक ही हिस्से (जैसे ड्राइंग रूम या लिविंग रूम) में भर देते हैं, जिससे बाकी हिस्से अंधेरे में या फीके लगते हैं। लाइटिंग का सही संतुलन (Balance) बनाना बहुत जरूरी है। झालरों को पूरे घर में समान रूप से बांटें।
कुछ लाइटें बालकनी में, कुछ खिड़कियों के पास और बाकीचीजें लिविंग रूम या पूजा घर के आसपास सजाएं। इससे पूरे घर में एक जैसी खूबसूरत रोशनी फैलेगी और डेकोरेशन प्रोफेशनल नजर आएगी।
बालकनी की सजावट में लाएं नयापन
अगर आपके घर में बालकनी है, तो दीपावली की रात उसकी खूबसूरती देखने लायक होनी चाहिए। बालकनी को सजाने के पारंपरिक तरीकों से थोड़ा आगे बढ़ें। झालरों को सिर्फ रेलिंग पर आड़ा-तिरछा लपेटने के बजाय, बालकनी की छत से नीचे की ओर वर्टिकल रूप से लटकाएं।
बालकनी की छत, कोनों और वहां रखे गमलों या छोटे पौधों के आसपास फेयरी लाइट्स की लड़ियां लपेट दें। कम जगह वाली बालकनी भी इस तरीके से बहुत ही शानदार और गॉर्जियस नजर आएगी।
यह भी पढ़ें: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से झटका, सिब्बल की उम्र वाली दलील बेअसर, 16 नवंबर को HC में सुनवाई
पर्दों के पीछे छिपाकर बनाएं ‘मैजिकल इफेक्ट’
अगर आप बिना किसी महंगे डेकोरेटिव सामान के कमरे को एक क्लासी लुक देना चाहते हैं, तो यह तरीका सबसे बेस्ट है। अगर आपके कमरे में हल्के रंग के, सूती या ट्रांसपेरेंट पर्दे लगे हैं, तो उनके ठीक पीछे फेयरी लाइट्स या स्ट्रिंग लाइट्स को जिगजैग करते हुए लगाएं।
जब आप कमरा बंद करके इन लाइटों को ऑन करेंगे, तो पर्दों के कपड़े से छनकर आती नरम और खूबसूरत रोशनी कमरे में एक जादुई और खुशनुमा माहौल तैयार कर देगी।



