
-
अखिलेश के पीडीए में दलितों का हाल बदहाल, योगी राज में मिल रहे पक्के घर और रोजगार: ओम प्रकाश राजभर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, अखिलेश के पीडीए में ‘डी’ का अर्थ दलितों को दूर से ही प्रणाम करना है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने कहा कि, अगर अखिलेश यादव जमीन पर उतरकर लोगों से मिलेंगे, तो उन्हें अंदाजा होगा कि, योगी सरकार में प्रदेश की तस्वीर कितनी बदली है।
इसे भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश पर पलटवार, ‘चुनाव से भाग रहे हैं अखिलेश जी, आइए हो जाए दो-दो हाथ’
दलितों के बीच जाते तक नहीं अखिलेश
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव रामपुर जाकर ‘ए’ यानी अल्पसंख्यकों से मिलते हैं और बनारस पहुंचकर ‘पी’ यानी पिछड़ों के घर और दुकानों तक जाते हैं, लेकिन ‘डी’ यानी दलितों की सुध नहीं लेते।

उनका कहना था कि सपा के शासनकाल में पिछड़े और दलित वर्ग की असल हालत खराब रही। उन्होंने सवाल किया कि, पीडीए की राजनीति करने वाले अखिलेश दलितों का हाल जानने उनके बीच क्यों नहीं जाते।
जमीन पर उतरकर देखिए, कितना बदला यूपी
राजभर ने कहा कि, अखिलेश को प्रदेश के दलित परिवारों के घर जाकर उनकी स्थिति खुद देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि, मौजूदा सरकार में दलित परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, शौचालय की सुविधा दी जा रही है और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार के मौके उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, दलित परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, सपा शासन में दलित परिवारों के अधिकारों का हनन होता था और उनका अपमान किया जाता था।
अपने लोगों ही नहीं, आम जनता से भी मिलिए
अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए राजभर ने कहा कि, उन्हें सिर्फ अपने लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम जनता के बीच भी जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने पर ही समझ आएगा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश कितना बदला है। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि अखिलेश प्रदेश की जनता के बीच जाकर मौजूदा सरकार के कामकाज की तुलना खुद करें।
इसे भी पढ़ें- ‘बेहयाई की बातें कर रहे हैं अखिलेश’, वाराणसी दौरे पर राजभर का करारा वार



