खुशखबरी: लकी ड्रॉ में अब किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, पंपिंग सेट और पावर स्प्रेयर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और खेती-किसानी को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना’ में अहम बदलाव किए गये हैं। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने लकी ड्रॉ में मिलने वाले उपहारों की सूची संशोधित की है। अब मनोरंजन के साधनों की जगह खेती और पशुपालन से जुड़े उपयोगी उपकरणों को प्राथमिकता दी गई है। इस बदलाव के बाद किसान लकी ड्रॉ के जरिए ट्रैक्टर, चारा काटने की मशीन और पंपिंग सेट जैसे आधुनिक उपकरण जीत सकेंगे।

इसे भी पढ़ें- असेंबली से AI तक नए उत्तर प्रदेश की उड़ान, CM योगी बोले- अब तकनीक का निर्माता बन रहा UP

LED TV की जगह चारा काटने की मशीन

योजना के तहत पहले दूसरे उपहार के रूप में 43 इंच का एलईडी टीवी दिया जाता था। अब उसकी जगह तीन हॉर्स पावर की चारा काटने वाली मशीन को सूची में शामिल किया गया है। मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, उपहारों में बदलाव के लिए एक समिति गठित की गई थी, जिसने उनकी उपयोगिता और वितरण व्यवस्था पर विचार किया। समिति की सिफारिशों के आधार पर ही यह संशोधन हुआ है।

Chief Minister Farmer Gift Scheme

चारा काटने की मशीन की अनुमानित कीमत 30,000 रुपये रखी गई है। हर संभाग में ऐसी तीन मशीनें दिए जाने का प्रावधान है। पशुपालन करने वाले किसानों के लिए यह उपहार खास तौर पर उपयोगी माना जा रहा है।

पंपिंग सेट और पावर स्प्रेयर भी सूची में

सिंचाई और फसलों की देखभाल में काम आने वाले उपकरण भी उपहार में शामिल किए गए हैं। सूची में आठ हॉर्स पावर का पंपिंग सेट है, जिसकी अनुमानित कीमत 55,000 रुपये प्रति इकाई है। हर संभाग में दो पंपिंग सेट देने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा करीब पांच हजार रुपये कीमत का पावर स्प्रेयर भी उपहार के रूप में दिया जाएगा। इसका इस्तेमाल फसलों पर कीटनाशक और अन्य कृषि घोल के छिड़काव में होता है।

35 हॉर्स पावर के ट्रैक्टर से सोलर पावर पैक तक

मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना 2026 के तहत उपहारों की सूची में कई तरह के कृषि उपकरण और वाहन रखे गए हैं। पहले उपहार के रूप में 35 हॉर्स पावर का ट्रैक्टर शामिल है। इसके साथ 20 हॉर्स पावर से कम क्षमता वाला छोटा ट्रैक्टर, तीन हॉर्स पावर की चारा काटने वाली मशीन, आठ हॉर्स पावर का पंपिंग सेट और पावर स्प्रेयर भी सूची में हैं। किसानों के लिए 100 सीसी की मोटरसाइकिल और सोलर पावर पैक संयंत्र जैसे विकल्प भी रखे गए हैं।

1,100 किसानों को मिलेंगे 4,400 मुफ्त प्लास्टिक कैरेट

लकी ड्रॉ के उपहारों के अलावा मंडी परिषद किसानों को मुफ्त प्लास्टिक कैरेट भी उपलब्ध कराएगी। फल और सब्जियों की तुड़ाई और परिवहन के दौरान उपज की गुणवत्ता बनी रहे, इसी मकसद से यह व्यवस्था की गई है। योजना में कुल 1,100 किसानों को चार-चार कैरेट देने का लक्ष्य रखा गया है, यानी कुल 4,400 कैरेट बांटे जाएंगे।

इनका उपयोग फल-सब्जियों को रखने और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में किया जा सकेगा। इससे उपज को संभालना आसान होगा और खराब होने की आशंका घटाने में मदद मिल सकती है।

मंडियों की श्रेणी के हिसाब से वितरण

कैरेट बांटने का लक्ष्य मंडियों की श्रेणी के आधार पर तय किया गया है:

‘क’ श्रेणी: 500 किसानों को चार-चार कैरेट, कुल 2,000 कैरेट
‘ख’ श्रेणी: 250 किसानों को 1,000 कैरेट
‘ग’ श्रेणी: 200 किसानों को 800 कैरेट
‘घ’ श्रेणी: 150 किसानों को 600 कैरेट

सभी श्रेणियों को मिलाकर 1,100 किसानों को इसका लाभ मिलेगा। व्यवस्था में उन किसानों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है, जो फल और सब्जियों की तुड़ाई के समय से ही प्लास्टिक कैरेट का इस्तेमाल करते हैं।

कृषि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बढ़कर 5,000 रुपये

मंडी परिषद ने कृषि की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी राहत दी है। मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत कृषि विश्वविद्यालय, कृषि संस्थान और कृषि महाविद्यालय से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है।इसके साथ ही मंडी परिषद की योजनाओं में व्यापारियों को प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराने और मंडी परिसर में दुर्घटना या आग की स्थिति में आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी शामिल है। इन फैसलों का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों और मंडी से जुड़े लोगों  को उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराना बताया गया है।

क्या है मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना

यह योजना राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद से जुड़ी है। इसके तहत किसानों को लकी ड्रॉ के जरिए ट्रैक्टर और खेती में काम आने वाले विभिन्न उपकरण उपहार में दिए जाते हैं। यह योजना नई नहीं है। साल 2020 की एक रिपोर्ट के मुताबिक मंडी परिषद की पुरानी योजना के तहत बम्पर लकी ड्रॉ के जरिए 69 किसानों को ट्रैक्टर मुफ्त बांटने की तैयारी थी। संशोधित सूची में चारा काटने की मशीन, पंपिंग सेट और पावर स्प्रेयर जैसे उपकरण जुड़े हैं, जबकि छोटे ट्रैक्टर, 100 सीसी की मोटरसाइकिल और सोलर पावर पैक भी विकल्पों में बताए गए हैं।
इसे भी पढ़ें- पूर्वी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और मध्यांचल में खिलौना उद्योग को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन, नीति-2025 मंजूर

Related Articles

Back to top button