
मिर्गी का नाम सुनते ही हर कोई परेशान होने लगता है। ये बीमारी आमतौर पर बार-बार आने वाले दौरे और उससे जुड़े इलाज के लिए जानी जाती है, लेकिन इस बीमारी से ग्रस्त लोगों को और भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जैसे कि अगला दौरा कब आएगा, इसकी अनिश्चितता दिमाग पर गहरा असर डालती है। लगातार बना रहने वाला डर और चिंता व्यक्ति का आत्मविश्वास कमजोर कर सकती है। वह धीरे-धीरे उन सभी गतिविधियों से दूर होने लगता है, जो उसे कभी पसंद थीं। जैसे कि यात्रा करना, अकेले बाहर निकलना, किसी आयोजन में शामिल होना या काम में नई जिम्मेदारी संभालना।
इसे भी पढ़ें- सुबह आंखें भारी और सूजी हुई? कहीं किसी बड़ी बीमारी का संकेत तो नहीं
इलाज सिर्फ दवा तक सीमित न रखें
सीके बिड़ला अस्पताल, दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. के.के. जिंदल कहते हैं कि, मिर्गी लंबे समय तक चलने वाली बीमारी है, इसलिए इसके इलाज को केवल दवाओं और नियमित जांच तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। मरीज की भावनात्मक और सामाजिक जिंदगी को समझना भी उतना ही जरूरी है, ताकि दौरे का डर उसकी पूरी पहचान पर हावी न हो जाए।
डॉ. जिंदल ने कहा कि, मिर्गी से प्रभावित व्यक्ति के साथ सामान्य और बराबरी का व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर यह भी कहा कि, महिलाओं को इस बीमारी की वजह से किसी तरह के सामाजिक भेदभाव या अंधविश्वास का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।
अगले दौरे का डर सबसे बड़ी परेशानी
विशेषज्ञों के अनुसार, यह न पता होना कि अगला दौरा कब आएगा, मिर्गी के साथ जीने की सबसे बड़ी परेशानियों में से एक हो सकता है, जिन लोगों के दौरे इलाज से काफी हद तक काबू में रहते हैं, उनके मन में भी यह सवाल बना रह सकता है कि अगली बार ऐसा कब होगा। यही वजह है कि कई लोग अकेले सफर करने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने, दौड़ने या घर से बहुत दूर जाने से घबराने लगते हैं।

यह चिंता धीरे-धीरे उनके आत्मविश्वास को प्रभावित करती है। कुछ लोग सार्वजनिक जगह पर दौरा पड़ने या किसी असहज स्थिति में फंसने के डर से अपनी पसंद की गतिविधियां छोड़ देते हैं। इसका असर उनकी सामाजिक जिंदगी पर भी पड़ता है। इलाज और सही सहयोग के साथ कुछ लोग सामान्य जीवन जी लेते हैं, जबकि कुछ में चिंता, उदासी या दूसरों से कटे रहने की भावना बढ़ सकती है।
नौकरी में भी आती हैं चुनौतियां
कामकाजी जीवन में भी मिर्गी कई तरह की मुश्किलें खड़ी कर सकती है। किसी व्यक्ति को दफ्तर में दौरा पड़ने, सहकर्मियों की प्रतिक्रिया या नौकरी में अलग नजर से देखे जाने का डर सताता है। इसी वजह से कई लोग अपने साथियों या नियोक्ता को बीमारी के बारे में बताने से बचते हैं।
हालांकि कुछ काम ऐसे जरूर हैं, जिनमें मिर्गी के कारण सुरक्षा से जुड़ी वास्तविक सावधानी जरूरी हो सकती है। इनमें खासतौर पर ड्राइविंग, ऊंचाई या भारी मशीनरी से जुड़े काम शामिल हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मिर्गी से पीड़ित व्यक्ति सफल करियर नहीं बना सकता। सही चिकित्सकीय सलाह और कार्यस्थल पर जरूरी सहयोग मिले तो कई लोग लंबे समय तक अपना काम बखूबी करते हैं।
नींद और समय पर दवा का रखें ध्यान
नींद की कमी, तनाव और दवा की खुराक छूट जाना कुछ लोगों में दौरे का खतरा बढ़ा सकता है, इसलिए लंबे समय तक काम करने वालों के लिए पर्याप्त नींद, समय पर दवा और बीच-बीच में उचित ब्रेक लेना अहम हो सकता है। अगर सहकर्मियों को आपात स्थिति में क्या करना है, इसकी जानकारी हो और सेहत से जुड़ी बातों पर किसी तरह का भेदभाव न हो, तो मरीज ज्यादा सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ काम कर सकता है।
रिश्तों पर असर
मिर्गी का असर परिवार और रिश्तों पर भी दिखता है। पार्टनर, माता-पिता और दोस्त अक्सर दौरे के डर से जरूरत से ज्यादा सतर्कता बरतने लगते हैं। इससे मरीज को कई बार लगता है कि उस पर लगातार नजर रखी जा रही है या उसकी आजादी सीमित हो रही है। कई बार परिवार भी उसकी परेशानी को गलत समझ लेता है। उदाहरण के लिए, किसी का लोगों से दूर रहना अरुचि मान लिया जाता है, जबकि हो सकता है कि वह सार्वजनिक जगह पर दौरा पड़ने के डर से ऐसा कर रहा हो। परिवार और दोस्तों के साथ खुलकर बातचीत इस स्थिति को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है।
मानसिक स्वास्थ्य को न करें नजरअंदाज
विशेषज्ञों का कहना है कि, मिर्गी की देखभाल में मानसिक स्वास्थ्य को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। चिंता और डिप्रेशन मिर्गी के साथ देखे जा सकते हैं।

लगातार उदासी, हर समय चिंता, खराब नींद या लोगों से दूरी बनाने जैसी समस्याओं को सामान्य समझकर टालना ठीक नहीं है। ऐसे लक्षणों के बारे में न्यूरोलॉजिस्ट से बात की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग, थेरेपी या मनोचिकित्सकीय जांच की सलाह ली जा सकती है।
डॉक्टर की सलाह से बंद करें दवा
दौरे लंबे समय से न आ रहे हों, तब भी एंटी-सीजर दवाएं अपनी मर्जी से बंद या कम नहीं करनी चाहिए। दवा घटाने या बंद करने का फैसला व्यक्ति की स्थिति, दौरे पर नियंत्रण, जोखिम और पूरी सेहत को देखते हुए डॉक्टर ही करते हैं।
संतुलन जरूरी
मिर्गी के साथ बेहतर जिंदगी के लिए सावधानी और सामान्य जीवन के बीच संतुलन जरूरी है। समय पर इलाज, डॉक्टर की सलाह का पालन, पर्याप्त नींद, अपनी स्थिति की समझ और कुछ भरोसेमंद लोगों को आपात स्थिति में मदद की जानकारी देना जोखिम घटाने में सहायक हो सकता है।
मिर्गी का निदान किसी व्यक्ति की क्षमता, महत्वाकांक्षा या रिश्तों की सीमा तय नहीं करता। सही इलाज, मानसिक सहयोग और बीमारी को लेकर बेहतर समझ के साथ मिर्गी से पीड़ित लोग करियर, रिश्ते और सामाजिक जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- टॉयलेट में खून आना बवासीर ही नहीं, इस गंभीर बीमारी का भी हो सकता है संकेत



