अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने रचा इतिहास, 12 दिन में 500 करोड़ के पार हुआ वर्ल्डवाइड कलेक्शन

अभिनेता अजय देवगन की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया कीर्तिमान रच दिया है। रिलीज के 12वें दिन तक फिल्म ने दुनियाभर में 501.80 करोड़ रुपए की कमाई कर ली। यह एक्टर के 35 साल के फिल्मी करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर है। 57 वर्षीय देवगन की यह पहली फिल्म है, जिसने वैश्विक स्तर पर 500 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के लिए भी नया रिकॉर्ड कायम किया है।

इसे भी पढ़ें- ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के ट्रेलर को मिली CBFC की मंजूरी, जानें कब और कहां होगा रिलीज

मंगलवार को फिर आया उछाल

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के 12वें दिन, यानी मंगलवार को फिल्म ने देश में 8.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। एक दिन पहले सोमवार को यह आंकड़ा 6 करोड़ रुपए था, यानी करीब 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इस उछाल की एक वजह सिनेमाघरों में चल रहा ‘ट्यूजडे ऑफर’ भी माना जा रहा है, जिसमें दर्शकों को सस्ती दरों पर टिकट मिलते हैं।

अब तक भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 387.80 करोड़ रूपये और नेट कलेक्शन 323.50 करोड़ रुपए हो चुका है। फिल्म की दिनवार कमाई इस प्रकार रही

पहला हफ्ता: 245.50 करोड़ रूपये
आठवां दिन (शुक्रवार): 14.50 करोड़रूपये
नौवां दिन (शनिवार): 26.50 करोड़ रूपये
10वां दिन (रविवार): 22.50 करोड़ रूपये
11वां दिन (सोमवार): 6.00 करोड़ रूपये
12वां दिन (मंगलवार): 8.50 करोड़ रूपये

विदेशों में भी मजबूत पकड़

Drishyam

फिल्म ने सिर्फ घरेलू बाजार में ही नहीं, विदेशों में भी दमदार प्रदर्शन किया है। 12वें दिन ओवरसीज मार्केट से 2.50 करोड़ रूपये की कमाई हुई। 12 दिनों में विदेशी बाजारों से कुल  114 करोड़ रूपये का ग्रॉस कलेक्शन आया है। घरेलू और विदेशी कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड आंकड़ा  501.80 करोड़ रूपये पहुंच गया है।

देवगन के करियर में नई ऊंचाई

इस फिल्म से पहले अजय देवगन की सबसे ज्यादा वैश्विक कमाई वाली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ (2024) थी, जिसने  372.41 करोड़ रूपये का ग्रॉस कारोबार किया था। ‘दृश्यम 3’ ने इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है। अजय देवगन की दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पांच फिल्में अब इस प्रकार हैं।

दृश्यम 3: द कन्क्लूजन: 501.80 करोड़ रूपये
सिंघम अगेन:  372.41 करोड़ रूपये
तान्हाजी: 368.68 करोड़ रूपये
दृश्यम 2:  342.31 करोड़ रूपये
गोलमाल अगेन: 308.62 करोड़ रूपये

बजट से कई गुना ज्यादा कमाई

फिल्म का बजट करीब 110 करोड़ रूपये बताया जा रहा है। घरेलू बाजार में फिल्म 12 दिनों में ही अपनी लागत से करीब 294 प्रतिशत ज्यादा कमा चुकी है। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई की बात करें, तो यह लागत से लगभग 456 प्रतिशत अधिक है। देश में फिल्म अब तक करीब 194 प्रतिशत का नेट मुनाफा दर्ज कर चुकी है।

पहले दिन से ही बरसा पैसा

गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म में अजय देवगन के साथ जयदीप अहलावत, तब्बू, प्रकाश राज और श्रिया सरन अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने पहले ही दिन भारत में 62 करोड़ रूपये का नेट कलेक्शन किया, जो अनुमानों से कहीं ज्यादा था। पहले वीकेंड में फिल्म की घरेलू नेट कमाई  176.50 करोड़ रूपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 270 करोड़ रूपये तक पहुंच गई थी। इसी जबरदस्त शुरुआत ने फिल्म की सफलता की मजबूत नींव रखी।

खास बात यह रही कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का मुकाबला नीम करोली बाबा पर बनी ‘हनुमान अंश’ से था, जो सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। घरेलू नेट कलेक्शन में ‘दृश्यम 3’ अभी इस फिल्म से पीछे है। ‘हनुमान अंश’ ने 68 दिनों में 337.03 करोड़ रूपये का नेट कलेक्शन किया है। हालांकि, वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में देवगन की फिल्म इस भक्ति ड्रामा के 438.40 करोड़ रूपये के ग्रॉस कलेक्शन को काफी पहले पीछे छोड़ चुकी है।

1.36 करोड़ दर्शक पहुंचे सिनेमाघर

फिल्म को सिर्फ कमाई ही नहीं, दर्शकों की सराहना भी मिल रही है। मंगलवार को देशभर में फिल्म के 14,846 शो चले, जिनमें 6.07 लाख से ज्यादा दर्शक पहुंचे। 12 दिनों में अब तक 1.36 करोड़ से अधिक लोग सिनेमाघरों में यह फिल्म देख चुके हैं।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी हिट

Drishyam

‘दृश्यम 3’ ने फ्रेंचाइजी की सभी पिछली फिल्मों के बेंचमार्क को पीछे छोड़ दिया है। हिंदी में बनी ‘दृश्यम 2’ ने दुनियाभर में 342.31 करोड़ रूपये कमाए थे, जबकि मोहनलाल अभिनीत मलयालम ‘दृश्यम 3’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस 239.83 करोड़ रूपये रहा। यह रिकॉर्ड फ्रेंचाइजी की सभी भाषाओं की फिल्मों के लिए है। इसकी शुरुआत मलयालम सिनेमा से हुई थी और बाद में फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में बनाया गया। अलग-अलग क्षेत्रीय बाजारों में इन फिल्मों ने खूब नाम कमाया, लेकिन दुनियाभर में 500 करोड़ रूपये का आंकड़ा कोई नहीं छू सका था।

फ्रेंचाइजी की टॉप तीन फिल्में अब इस प्रकार हैं

दृश्यम 3: द कन्क्लूजन (हिंदी): 501.80 करोड़ रूपये
दृश्यम 2 (हिंदी): 342.31 करोड़ रूपये
दृश्यम 3 (मलयालम): 239.83 करोड़ रूपये

2026 की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म

इस साल अब तक की वर्ल्डवाइड कमाई की सूची में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ शीर्ष पर है। ‘दृश्यम 3’ ने ‘बॉर्डर 2’ और ‘हनुमान अंश’ को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। टॉप-5 में पहली चार फिल्में बॉलीवुड की हैं, जबकि साउथ की इकलौती तेलुगु फिल्म ‘पेद्दी’ पांचवें स्थान पर है।

2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्में (वर्ल्डवाइड)

धुरंधर 2: द रिवेंज:  1,813.39 करोड़ रूपये
दृश्यम 3: द कन्क्लूजन:  501.80 करोड़ रूपये
बॉर्डर 2:  450.20 करोड़ रूपये

 

इसे भी पढ़ें- रिलीज से पहले ही ‘दृश्यम 3’ ने मचाया धमाल, एडवांस बुकिंग 21 करोड़ पार

Related Articles

Back to top button