
कुछ फिल्में रिलीज होने से पहले ही इतिहास रचने लगती हैं। कुछ किरदार परदे पर आने से पहले ही दिलों में घर कर लेते हैं और कुछ फ्रेंचाइजी ऐसी होती हैं जिनका इंतजार दर्शक सालों तक बेसब्री से करते हैं। ‘दृश्यम’ ऐसी ही एक फ्रेंचाइजी है और इसके केंद्र में है एक ऐसा किरदार जिसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में कभी भुलाया नहीं जा सकता ‘जॉर्जकुट्टी’।
इसे भी पढ़ें- अजय देवगन की ‘ऑन-स्क्रीन’ पत्नी बनकर फिर छाएंगी श्रिया सरन, ‘दृश्यम 3’ को लेकर चर्चा तेज
मोहनलाल द्वारा जीवंत किया गया यह किरदार अब तीसरी बार बड़े परदे पर वापस आ रहा है और इस बार का भौकाल कुछ और ही स्तर का है। रिलीज से पहले ही ‘दृश्यम 3’ ने एडवांस बुकिंग में 21 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। मॉलीवुड यानी मलयालम सिनेमा के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी प्री-सेल बनती जा रही है।
दर्शकों का उत्साह चरम पर
जीतू जोसेफ निर्देशित ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी ने जब से अपनी पहली कड़ी के साथ दस्तक दी थी, तभी से यह साफ हो गया था कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक घटना है। दूसरी कड़ी ने भी दर्शकों को उसी रोमांच, उसी सस्पेंस और उसी भावनात्मक गहराई से बांधे रखा और अब जब तीसरी कड़ी के आने की खबर आई तो दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

मोहनलाल एक बार फिर अपने सबसे यादगार किरदार जॉर्जकुट्टी की भूमिका में नजर आएंगे और इसी उम्मीद ने दुनिया भर के सिनेमाघरों में टिकट खिड़कियों पर लंबी कतारें लगवा दी हैं और वह भी फिल्म की रिलीज से पहले ही।
21 करोड़ पार हुआ एडवांस बुकिंग का आंकड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुनिया भर में ‘दृश्यम 3’ के पहले दिन की एडवांस बुकिंग 21 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है और बिक्री की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। फिल्म एनालिस्ट एबी जॉर्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘दृश्यम 3’ की दुनिया भर में प्री-सेल्स जबरदस्त चल रही हैं और यह जल्द ही 20 करोड़ का आंकड़ा पार करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी लिखा कि, यह मोहनलाल यानी ललेटन की चौथी 20 करोड़ से अधिक की ओपनिंग होने वाली है और किसी भी मॉलीवुड अभिनेता के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साबित होगी।
यह आंकड़ा बताता है कि, मोहनलाल और ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का जादू किस कदर दर्शकों के दिलों पर छाया हुआ है। किसी क्षेत्रीय भाषा की फिल्म का रिलीज से पहले इतनी बड़ी एडवांस बुकिंग करना भारतीय सिनेमा के नक्शे पर एक नया अध्याय लिखने जैसा है।\
तमिल, तेलगु और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज होगी फिल्म
घरेलू बाजार की बात करें तो ‘दृश्यम 3’ के लिए सबसे जबरदस्त प्रतिक्रिया स्वाभाविक रूप से केरल से आ रही है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक केरल में अकेले एडवांस बुकिंग लगभग 5.50 करोड़ रुपये के आसपास पहुंचने का अनुमान है। पूरे भारत में फिल्म की कुल एडवांस बुकिंग 9 करोड़ रुपये के करीब पहुंचती दिख रही है।
यह फिल्म सिर्फ मलयालम में नहीं बल्कि तेलुगु, तमिल और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज होगी। इसका असर साफ दिख रहा है क्योंकि तमिलनाडु, कर्नाटक और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी डब की गई रिलीज को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। ‘दृश्यम’ की कहानी और जॉर्जकुट्टी का किरदार भाषाई सीमाओं को पार कर चुका है और यही इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ताकत है।
ओवरसीज में भी दृश्यम 3 का डंका
घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजार में भी ‘दृश्यम 3’ को लेकर असाधारण उत्साह देखा जा रहा है। गल्फ रीजन ओवरसीज सेल में सबसे आगे है, जहां प्रवासी मलयाली समुदाय की बड़ी संख्या इस फिल्म के लिए पहले से ही टिकट बुक कर चुकी है। इसके अलावा उत्तरी अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया में भी बुकिंग के शानदार ट्रेंड दर्ज किए जा रहे हैं।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि, अगर मौजूदा रफ्तार इसी तरह जारी रही तो पहले शो के शुरू होने से पहले ही ग्लोबली ‘दृश्यम 3’ एडवांस बुकिंग में 25 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सकती है। यह आंकड़ा मॉलीवुड के लिए किसी सपने से कम नहीं है।
पहले दिन 35 करोड़ से अधिक की उम्मीद
रिलीज से पहले मिल रही इस जबरदस्त पॉपुलैरिटी और एडवांस बुकिंग के आधार पर ट्रेड विशेषज्ञ अब यह अनुमान लगा रहे हैं कि ‘दृश्यम 3’ अपने पहले दिन ही दुनिया भर में 35 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सकती है। अगर यह अनुमान सही साबित हुआ तो यह मलयालम सिनेमा के इतिहास में एक नया कीर्तिमान होगा।
ये कलाकार होंगे अहम भूमिका में
‘दृश्यम 3’ में मोहनलाल के साथ-साथ मीना, अंसिबा हसन, एस्थर अनिल, मुरली गोपी, सिद्दीकी, आशा शरथ, शांति मायादेवी और वीना जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। यह स्टारकास्ट फिल्म की भव्यता और गहराई को और भी बढ़ा देती है। जीतू जोसेफ का निर्देशन, मोहनलाल की अदाकारी और इस फ्रेंचाइजी की विरासत तीनों मिलकर ‘दृश्यम 3’ को एक ऐसी फिल्म बनाते हैं जिसका इंतजार सिनेमाप्रेमी बेसब्री से कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- अजय देवगन ने दी अपनी आगामी फिल्मों की जानकारी, दृश्यम, शैतान, सन ऑफ सरदार सहित इन फिल्मों का लिया नाम



