\n\n\n\n\n \n

हरित खटीमा की ओर बड़ा कदम, CM धामी ने किया ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम ने पार्क परिसर में स्वयं पौधरोपण किया और पूरे पार्क का बारीकी से निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनसे इस क्षेत्र की आधारभूत संरचना और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी की बड़ी पहल, अब विदेशों में नौकरी करेंगे उत्तराखंड के युवा

धामी ने की छह बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर सबसे पहले नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने का भी ऐलान किया। खटीमा में एक आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की घोषणा भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही।

CM Dhami

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में एक क्रियाशाला (वर्कशॉप) के निर्माण, एक सर्किट हाउस के निर्माण तथा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वेंडिंग ज़ोन विकसित करने की भी घोषणा की। इस तरह कुल मिलाकर छह अलग-अलग परियोजनाओं के ज़रिए खटीमा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने का खाका तैयार किया गया है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि, व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से खटीमा में एक सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह सर्किट हाउस न केवल स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में सहायक होगा, बल्कि क्षेत्र में आने वाले यात्रियों के लिए भी ठहरने की उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।

वित्तीय सहायता का आश्वासन

सीएम धामी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण तथा वहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इस पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सकेगा, जो आज के दौर में बेहद ज़रूरी है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यह भी जोड़ा कि पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि क्षेत्र के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में विशेष पिंक शौचालय बनाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पर्यावरण और विकास में संतुलन पर जोर

अपने संबोधन में धामी ने वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन जैसी बढ़ती चुनौतियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि आज के दौर में वनों और पर्यावरण संरक्षण का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास और पर्यावरण अर्थात इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

CM Dhami

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के साथ उचित संतुलन बनाए रखते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी रोज़गार और आजीविका के स्थायी अवसर सृजित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेज़ी से काम किया जा रहा है, जो राज्य की दीर्घकालिक पर्यावरणीय नीति का हिस्सा है।

 निरंतर विकास कर रहा उत्तराखंड- अजय भट्ट 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मज़बूत पहचान बना रहा है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री से नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण के साथ-साथ जीर्ण-शीर्ण हो चुके वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर वहां नए कार्यालय के निर्माण का अनुरोध किया। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे कई गणमान्य 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना और रणजीत सिंह नामधारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा और रणदीप पोखरिया ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

CM Dhami

प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी और अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इनके अतिरिक्त बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की और मुख्यमंत्री की घोषणाओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री धामी की इन घोषणाओं से खटीमा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्टेडियम, सर्किट हाउस और वेंडिंग ज़ोन जैसी परियोजनाएं जहां क्षेत्र में रोज़गार और पर्यटन के नए अवसर पैदा करेंगी, वहीं नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तार क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगा। स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन तेज़ी से पूरा किया जाएगा।

 

से भी पढ़ें-CM धामी ने  ‘सशक्त बहना उत्सव’  में खरीदे उत्पाद, ‘वोकल फॉर लोकल’ का किया आह्वान

Related Articles

Back to top button