\n\n\n\n\n \n

7.43 करोड़ से संवरेगा भूतनाथ बाजार, बनेंगी सड़कें, लगेंगी लाइटें

लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ बाजार अब एक नए और आधुनिक रूप में नजर आएगा। वर्षों से चली आ रही स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की मांग अब पूरी होने जा रही है। इसके लिए 7.43 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम भी शुरू हो गया है। भूतनाथ मंदिर मार्ग के सौंदर्यीकरण और विकास का जिम्मा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण और आकर्षक सजावटी लाइटें लगाईं जाएगी।

इसे भी पढ़ें- LDA का बड़ा एक्शन: लखनऊ की इतनी अवैध इमारतों की उलटी गिनती शुरू, चलेगा बुलडोजर

वर्षों पुरानी मांग अब हो रही साकार 

आपको बता दें कि, भूतनाथ बाजार की गिनती शहर के व्यस्ततम और पुराने बाजारों में होती है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक और राहगीर आते-जाते हैं। संकरी सड़क और अव्यवस्थित फुटपाथ की वजह से यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे व्यापारियों कारोबार बुरी तरह से प्रभावित होता है।

Bhootnath market

स्थानीय दुकानदार और निवासी लंबे समय से प्रशासन से इस मार्ग के चौड़ीकरण और बेहतर बुनियादी ढांचे की मांग करते आ रहे थे। आखिरकार अब उनकी मांगों पर एक्शन शुरू हो गया है।परियोजना शुरू होने से क्षेत्र के व्यापारी और आम जनमानस में ख़ुशी है। उनका कहना है कि, इससे न केवल बाजार की भीड़भाड़ की समस्या कम होगी, बल्कि यहां आने वाले ग्राहकों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा।

 सड़क, फुटपाथ बनेंगे और लाइटें लगेंगी

इस परियोजना के तहत भूतनाथ मंदिर मार्ग को पूरी तरह से नया रूप दिया जाएगा। सबसे पहले सड़क को चौड़ा किया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके और जाम की समस्या से निजात मिले। इसके साथ ही पैदल चलने वालों के लिए अलग से व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे राहगीरों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से आवागमन करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त पूरे बाजार क्षेत्र में सजावटी लाइटें लगाई जाएंगी, जो न केवल शाम के समय बाजार की रौनक बढ़ाएंगी बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होंगी।

इन सभी कार्यों को मिलाकर देखा जाए तो यह परियोजना भूतनाथ बाजार को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक ठोस पहल है।

व्यापार और यातायात पर असर

विकास कार्य पूरा होने के बाद इसका सीधा फायदा बाजार में कारोबार करने वाले व्यापारियों को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बेहतर सड़क और व्यवस्थित फुटपाथ से ग्राहकों को खरीदारी करने में आसानी होगी, जिससे बाजार में आने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है। साथ ही, सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल सकेगी और जाम जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। व्यापारियों का मानना है कि, इस विकास कार्य से बाजार की व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होगा।

विधायक OP श्रीवास्तव बोले-

इस अवसर पर लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि, इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ भूतनाथ बाजार का विकास करना भर नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, उनकी मंशा इस बाजार को एक ऐसे सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित व्यावसायिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की है, जिस पर यहां के व्यापारी और स्थानीय निवासी गर्व महसूस कर सकें।

विधायक ने आगे कहा कि, यह विकास कार्य पूरी तरह से स्थानीय जनता और व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कराए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि, भविष्य में भी क्षेत्र के विकास से जुड़े ऐसे ही और कार्य किए जाते रहेंगे, ताकि इंदिरा नगर क्षेत्र समग्र रूप से एक बेहतर और सुविधासंपन्न इलाके के रूप में विकसित हो सके।

शुभारंभ कार्यक्रम में जुटे गणमान्य

इस परियोजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रमुख लोग और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें भूतनाथ मंदिर के महंत रुद्रनाथ प्रमुख रूप से शामिल थे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष रीना चौरसिया और मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह देवरी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। मंडल महामंत्री संदीप पाठक तथा शेखर श्रीवास्तव ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की।

Bhootnath market

कार्यक्रम में पूर्व नगर उपाध्यक्ष राकेश सिंह और नगर उपाध्यक्ष सीता नेगी की भी उपस्थिति रही। लखनऊ महानगर कार्यकारिणी के सदस्य शशांक शेखर गोल्डी ने भी इस अवसर पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। व्यापारी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने व्यापारियों की ओर से इस पहल का स्वागत किया, वहीं पूर्व पार्षद राम मोहन अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इन सबके अतिरिक्त बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी भी इस शुभारंभ समारोह के साक्षी बने। सभी ने एक स्वर में इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह परियोजना समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी होगी।

 क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

अब देखने वाली बात यह होगी कि, यह परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी होती है या नहीं। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, निर्माण कार्य के दौरान बाजार की सामान्य गतिविधियां कम से कम प्रभावित हों। साथ ही, गुणवत्ता को लेकर भी लोगों में जागरूकता है, क्योंकि पूर्व में कई बार सरकारी परियोजनाओं में देरी और गुणवत्ता संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं।

बहरहाल, भूतनाथ बाजार के लिए यह विकास परियोजना एक नई शुरुआत मानी जा रही है। लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की इस पहल से न सिर्फ बाजार का भौतिक स्वरूप बदलेगा, बल्कि यह क्षेत्र इंदिरा नगर की एक नई पहचान के रूप में भी उभर सकता है। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को अब बस इस बात का इंतजार है कि जल्द से जल्द यह कार्य पूरा हो और वे अपने नए, सुंदर और व्यवस्थित बाजार में कारोबार कर सकें।

 

इसे भी पढ़ें- कौन है सिकंदर खान? जिसने लखनऊ में हड़पी 120 बीघा सरकारी जमीन, मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस

Related Articles

Back to top button