
हल्द्वानी/खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कुमाऊं दौरे के दौरान सोमवार, 25 मई को क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी और अपने गृह क्षेत्र खटीमा में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सरकार की इस पहल से जहां कुमाऊं क्षेत्र के पत्रकारों को आधुनिक कार्यस्थल की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। वहीं सीमांत क्षेत्र खटीमा के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के नए द्वार खुले हैं।
इसे भी पढ़ें- पहाड़ी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती, CM धामी ने रवाना की 4 एंबुलेंस
मीडिया सेंटर का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे कुमाऊं क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया। जगह-जगह पारंपरिक वाद्य यंत्रों और छोलिया नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पहला पड़ाव हल्द्वानी रहा, जहां उन्होंने कुमाऊं मंडल के पत्रकारों को एक ऐतिहासिक सौगात दी। सीएम धामी ने हल्द्वानी में करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मीडिया सेंटर भवन का विधि-विधान से शिलान्यास किया।

यह मीडिया सेंटर आने वाले समय में कुमाऊं क्षेत्र के पत्रकारों के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जिसमें समाचार संकलन, प्रेस कॉन्फ्रेंस और त्वरित संवाद के लिए सभी आधुनिक डिजिटल तकनीक और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा और सबसे मजबूत स्तंभ हैं। समाज को सही दिशा देने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका हमेशा से सराहनीय रही है।
पत्रकारों को मिलेगा बेहतर वातावरण
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग और सूचना महानिदेशक के विशेष प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि काफी समय से कुमाऊं क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त मीडिया हब की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब धरातल पर उतरने जा रही है। नया मीडिया सेंटर बनने से सुदूरवर्ती और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को भी एक बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
सरकार पत्रकारों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। इस शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं मंडल के तमाम वरिष्ठ पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
हल्द्वानी के बाद मुख्यमंत्री धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय जनता और युवाओं को करीब 89 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। खटीमा के विकास को रफ्तार देते हुए सीएम ने ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित हाईटेक दीदी की लाइब्रेरी और अत्याधुनिक व्यायामशाला सहित कई अन्य निर्माण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान सबसे खास पल तब आया जब मुख्यमंत्री खुद लाइब्रेरी के भीतर गए और वहां मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच बैठकर उनसे सीधा संवाद किया।
युवाओं से की बातचीत
सीएम ने युवाओं से उनकी पढ़ाई, करियर के लक्ष्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में बेहद आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि, आज का युवा ही कल के समृद्ध उत्तराखंड की नींव रखेगा। खटीमा में स्थापित की गई इस अनूठी ‘दीदी की लाइब्रेरी’ की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह मात्र नहीं है, बल्कि यह सीमांत क्षेत्र के युवाओं के सुनहरे भविष्य के निर्माण का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
इस हाईटेक लाइब्रेरी में सिविल सर्विसेज, बैंकिंग, एसएससी जैसी तमाम राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें, डिजिटल अध्ययन सामग्री और एक शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया गया है। सबसे खास बात यह है कि, इस पूरी लाइब्रेरी की देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी गई है। सीएम ने कहा कि, इस मॉडल से न केवल महिला सशक्तिकरण को सीधा बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रामीण परिवेश की महिलाओं की आय में भी सम्मानजनक वृद्धि होगी।
आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का रोडमैप तैयार
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 7 लाख 50 हजार रुपये की लागत से नवीनीकृत और आधुनिकीकृत की गई व्यायामशाला भवन का भी फीता काटकर लोकार्पण किया। जिम का निरीक्षण करने के बाद सीएम धामी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और हमारी युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर खेलकूद और फिटनेस की तरफ आगे बढ़ना चाहिए।
आधुनिक कसरत उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला क्षेत्र के युवाओं को एक अनुशासित और सेहतमंद जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उत्तराखंड सरकार युवाओं की शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और राज्य के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर इस तरह की आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार रोडमैप तैयार कर काम कर रही है।
इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने सितारगंज को दी साढ़े 11 करोड़ की सौगात, सीसी पुल का किया भूमि पूजन



