
मराठी सिनेमा में इन दिनों धूम मची हुई है। एक्टर और डायरेक्टर रितेश देशमुख के निर्देशन में बनी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता का ऐसा परचम लहराया कि, अच्छे-अच्छों के पसीने छूट गये हैं। एक मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही यह फिल्म टिकट पर मजबूती से अपने पैर जमाए हुए है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों का क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है और हर गुजरते दिन के साथ यह फिल्म नए रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा रही है।
इसे भी पढ़ें- फिल्म रेड 2 का टीजर रिलीज, इस बार वाणी, रितेश और अजय लीड रोल में
100 करोड़ के करीब
हालांकि, रिलीज के इतने दिनों बाद फिल्म की दैनिक कमाई में स्वाभाविक रूप से थोड़े बहुत उतार-चढ़ाव जरूर देखे जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की रफ्तार सुस्त नहीं पड़ी है। अब यह फिल्म उस ऐतिहासिक मुकाम के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है, जहां आज तक कोई भी मराठी फिल्म नहीं पहुंच पाई है। ‘राजा शिवाजी’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शतक लगाने यानी 100 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को छूने से अब महज कुछ ही करोड़ रुपये की दूरी पर खड़ी है।

इस फिल्म की सफलता के पीछे इसकी दमदार कहानी और कलाकारों का बेहतरीन अभिनय है। रितेश देशमुख ने न केवल इस फिल्म का बेहद कुशल निर्देशन किया है, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के मुख्य किरदार में उन्होंने अपनी अदाकारी से जान फूंक दी है। रितेश के अलावा इस फिल्म में जेनेलिया डिसूजा, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन जैसे भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज और दमदार कलाकारों की मौजूदगी ने इसे भव्य बना दिया है।
दिल खोलकर मिल रही सराहना
इन सभी कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस और बेहतरीन स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी दिल खोलकर सराहा है। यही वजह है कि, मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में एक साथ रिलीज हुई इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म को देश के हर कोने से भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने तीन हफ्ते बेहद शानदार तरीके से पूरे किए हैं और अब यह अपने चौथे हफ्ते में भी मजबूती से आगे बढ़ रही है।
चौथे सप्ताह के कामकाजी दिनों में फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई थी, लेकिन वीकेंड आते ही इसने बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर अपना पुराना जलवा दिखाया और कलेक्शन के आंकड़ों में एक बड़ा और चौंकाने वाला उछाल दर्ज किया।अगर फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के अब तक के बॉक्स ऑफिस सफर और इसके कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें, तो इसकी शुरुआत ही बेहद धमाकेदार रही थी।
दर्शकों में थियेटर्स में खींचने में सफल
फिल्म ने रिलीज होते ही दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाबी हासिल की, जिसके चलते इसने अपने पहले ही हफ्ते में 52.65 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन कर एक मजबूत बुनियाद तैयार की थी। इसके बाद दूसरे हफ्ते में भी फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह बरकरार रहा और इसने दूसरे वीक में 24.30 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की।
तीसरे हफ्ते में प्रवेश करने के बाद भी फिल्म की पकड़ ढीली नहीं पड़ी और इसने 12 करोड़ रुपये का सम्मानजनक कलेक्शन अपने खाते में जोड़ा। यह आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि, फिल्म को केवल शुरुआती हाइप का फायदा नहीं मिला, बल्कि इसके मजबूत कंटेंट और वर्ड ऑफ माउथ की वजह से लोग लगातार सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं।
चौथे हफ्ते की शुरुआत में फिल्म की दैनिक कमाई में थोड़ी कमी आई थी। अपने चौथे फ्राइडे यानी रिलीज के 22वें दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 60 लाख रुपये का कारोबार किया था, लेकिन शनिवार आते ही फिल्म के कलेक्शन में एक बार फिर जबरदस्त तेजी देखने को मिली और 23वें दिन फिल्म ने शानदार वापसी करते हुए 1.22 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया।
1. 30 करोड़ का कर चुकी है कारोबार
अब बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘राजा शिवाजी’ ने अपनी रिलीज के 24वें दिन यानी चौथे रविवार को भी अपनी इस रफ्तार को कायम रखा और करीब 1.30 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की है। वीकेंड के इन दोनों दिनों में हुआ यह इजाफा फिल्म की लंबी रेस का साफ संकेत है। इस चौथे संडे के कलेक्शन को मिलाकर अब ‘राजा शिवाजी’ का भारत में कुल 24 दिनों का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 92.07 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

अब फिल्म उद्योग और ट्रेड एनालिस्ट्स की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि, यह फिल्म कब तक 100 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक क्लब में अपनी एंट्री दर्ज कराती है। 24 दिनों में 92.07 करोड़ रुपये कमाने के बाद, ‘राजा शिवाजी’ अब अपने महा-शतक से महज 8 करोड़ रुपये की दूरी पर है। चौथे वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में जो उछाल आया है, उसने यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि सिनेमाघरों में नई फिल्मों की मौजूदगी के बावजूद दर्शकों का इस ऐतिहासिक फिल्म में इंटरेस्ट अभी भी पूरी तरह बना हुआ है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स को पूरी उम्मीद है कि, चालू चौथे हफ्ते के कामकाजी दिनों या अगले वीकेंड की शुरुआत तक यह फिल्म आसानी से बचे हुए 8 करोड़ रुपये बटोर लेगी। जैसे ही यह फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करेगी, यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मराठी सिनेमा के इतिहास में 100 करोड़ के क्लब में एंट्री करने वाली सबसे पहली फिल्म बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर देगी।
इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव के प्रचार में एक्टर रितेश देशमुख की एंट्री, बीजेपी पर बोला बड़ा हमला



