
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल को इस साल के अंत में होने वाली वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश (डब्ल्यूपीएस) लीग का खेल आयुक्त नियुक्त किया गया है।पीएसए विश्व रैंकिंग के शीर्ष 10 में पहुंचने वाले भारत के एकमात्र पुरुष खिलाड़ी घोषाल के नाम 11 खिताब और एशियाई खेलों में नौ पदक दर्ज हैं। उन्हें दो दशक तक शीर्ष स्तर पर खेलने का अनुभव भी है।
घोषाल प्रोफेशनल स्क्वाश एसोसिएशन (पीएसए) के पुरुष अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्ल्ड स्क्वाश के साथ संयुक्त खिलाड़ी आयोग के सह-अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं।डब्ल्यूपीएस के अनुसार, खेल आयुक्त के रूप में घोषाल लीग के पूरे खेल ढांचे की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसमें प्रतियोगिता का प्रारूप तय करना, खिलाड़ियों की पात्रता निर्धारित करना और रेफरी के मानक तय करना शामिल होगा।
स्क्वाश का पदार्पण लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में होने जा रहा है। घोषाल का मानना है कि यह लीग भविष्य के बड़े खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।उन्होंने कहा कि दुनिया के कई महान खिलाड़ी छोटे क्लबों और साधारण मैदानों से उभरे हैं और वर्ल्ड प्रीमियर स्क्वाश उन्हें शीर्ष स्तर तक पहुंचने का एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।



